'आज मोदी जी ने पूरे पंजाब को ललकारा', मान सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ED की रेड पर भड़के केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में ईडी की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है, आरोप लगाया कि ...और पढ़ें
HighLights
केजरीवाल ने पंजाब में ईडी रेड पर केंद्र को घेरा
ईडी कार्रवाई को राजनीतिक दबाव बनाने का आरोप लगाया
कहा, पंजाब मोदी सरकार के सामने नहीं झुकेगा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। Arvind Kejriwal ने पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल चुनाव खत्म होते ही पंजाब में लगातार ED की रेड शुरू कर दी गई हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann के एक्स पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा। भगवंत मान ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया था कि पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री Sanjeev Arora के घर एक साल में तीसरी बार और पिछले एक महीने में दूसरी बार ED पहुंची, लेकिन एजेंसी को कुछ नहीं मिला।
'केंद्र सरकार ने पंजाब के साथ धक्का किया'
भगवंत मान ने लिखा कि पंजाब गुरुओं और भगत सिंह की धरती है, जिसे औरंगजेब भी नहीं झुका सका था। मोदी सरकार के हथकंडों के सामने भी पंजाब नहीं झुकेगा।
मान के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए केजरीवाल ने लिखा कि पिछले कुछ वर्षों में केंद्र सरकार ने पंजाब के साथ धक्का (धोखा) किया है और पंजाबियों को अलग-अलग तरीकों से प्रताड़ित किया गया। आरोप लगाया कि पंजाब के पानी, पंजाब यूनिवर्सिटी और ग्रामीण विकास फंड जैसे मुद्दों पर भी केंद्र ने राज्य के खिलाफ काम किया।
रेड का मकसद पैसा ढूंढना नहीं बल्कि दबाव बनाना
केजरीवाल ने कहा कि हाल ही में अशोक मित्तल के यहां ED रेड हुई और अगले ही दिन उन्हें बीजेपी में शामिल करवा लिया गया। उनके मुताबिक इससे साफ है कि रेड का मकसद चोरी का पैसा ढूंढना नहीं, बल्कि नेताओं पर दबाव बनाना था। उन्होंने संजीव अरोड़ा का जिक्र करते हुए कहा कि वो बीजेपी में शामिल नहीं हुए, इसलिए उनके यहां फिर से रेड करवा दी गई।
केजरीवाल बोले- मोदी जी ने पूरे पंजाब को ललकारा
अपने पोस्ट में केजरीवाल ने मुगल शासक औरंगजेब का उल्लेख करते हुए कहा कि जैसे गुरुओं ने अत्याचार का सामना किया था, उसी तरह पंजाब अब मोदी जी के अत्याचार का सामना करेगा। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले किसानों ने केंद्र सरकार को झुकने पर मजबूर किया था और अब पूरे पंजाब को ललकारा गया है।
