Move to Jagran APP

पूर्ण राज्य के मुद्दे पर लड़ेंगे चुनाव : केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविद केजरीवाल ने लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के साथ गठबंधन की अटकलों पर कहा कि उनके पास कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। उन्होंने कहाजितनी जानकारी आपके पास है उतनी ही मेरे पास है। शीला दीक्षित की ओर से आए दिन इस गठबंधन से इंकार के बयान ही आ रहे हैं। साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी आत्मविश्वास से परिपूर्ण है और दिल्ली में सातों सीटें जीतने जा रही है।

By JagranEdited By: Published: Tue, 12 Mar 2019 06:48 PM (IST)Updated: Tue, 12 Mar 2019 06:48 PM (IST)
पूर्ण राज्य के मुद्दे पर लड़ेंगे चुनाव : केजरीवाल
पूर्ण राज्य के मुद्दे पर लड़ेंगे चुनाव : केजरीवाल

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविद केजरीवाल ने लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के साथ गठबंधन की अटकलों पर कहा कि उनके पास कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा,'जितनी जानकारी आपके पास है, उतनी ही मेरे पास है। शीला दीक्षित की ओर से आए दिन इस गठबंधन से इन्कार के बयान ही आ रहे हैं। साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी आत्मविश्वास से परिपूर्ण है और दिल्ली में सातों सीटें जीतने जा रही है। हालांकि उन्होंने यह जरूर स्वीकार किया कि पंजाब में कांग्रेस से गठबंधन के लिए पार्टी के सांसद भगवंत मान की बातचीत चल रही है। अगले एक दो दिन में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। केजरीवाल ने यह भी कहा कि दिल्ली में पार्टी पूर्ण राज्य के मुद्दे पर ही लोकसभा चुनाव लड़ेगी।

loksabha election banner

मंगलवार को दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान केजरीवाल ने यह भी कहा कि कांग्रेस की तरफ से आधिकारिक तौर पर दो ही सूचना हमें मिली है। पहली शरद पवार के घर हुई बैठक में राहुल गांधी का गठबंधन से इन्कार और शीला दीक्षित का मीडिया में आ रहा बयान। हालांकि गठबंधन नहीं होने पर भी उन्होंने अपनी पार्टी के मजबूत स्थिति में होने का दावा किया। केजरीवाल ने कहा, हमारे आंतरिक सर्वे में दिल्ली के लोग आम आदमी पार्टी के सातों सांसदों को भारी बहुमत से जिताते हुए दिख रहे हैं। हमारी लोकप्रियता में भी इजाफा हुआ है। इसके चार कारण हैं। पहला, पिछले एक महीने में सड़कों, नालियों, गलियों का जो काम पूरा हुआ, उसके अच्छे नतीजे हैं। दूसरा, पूर्ण राज्य को लेकर भी हमारे आंदोलन से लोग उत्साहित हैं। तीसरा, भारत और पाक के बीच में जो तनाव हुआ है, भाजपा पर उसका नकारात्मक प्रभाव जा रहा है। चौथा कारण यह कि कांग्रेस ने जिस तरह से देश को प्राथमिकता नहीं देते हुए गठबंधन नहीं करने का फैसला किया, उससे जनता कांग्रेस से नाराज है। आप संयोजक ने यह भी कहा कि पहले तो हिदू ही कांग्रेस से कटते थे, अब मुसलमान भी कट रहे हैं और आप के साथ आ रहे हैं। पूर्ण राज्य के मुद्दे पर केजरीवाल बोले कि दिल्ली के साथ भाजपा-कांग्रेस दोनों ने ही धोखा दिया है।

मुख्यमंत्री ने भारत-पाक तनाव से भाजपा को बढ़त मिलने की बात से भी स्पष्ट इन्कार किया। उन्होंने कहा कि देश में क्या माहौल है मैं नहीं कह सकता, लेकिन दिल्ली में भाजपा को नुकसान होने जा रहा है। मैं बहुत जिम्मेदारी से कह रहा हूं कि दिल्ली में 56 फीसद लोगों ने हमारे सर्वे में भाजपा को नुकसान होने की बात कही है। हम तो बार-बार कहते हैं कि देश किसी पार्टी, किसी नेता से ऊपर है।

उन्होंने दावा किया कि दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के मुद्दे पर पार्टी को जनता से अपार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि,'यह कोई मामूली चुनाव नहीं है। हम दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए चुनाव लड़ेंगे। लोगों में इस मुद्दे पर उत्साह है। उत्तराखंड, तेलंगाना, झारखंड के लोगों ने जैसे पूर्ण राज्य के लिए लड़ाई की और लड़कर जीते, हम भी वैसे ही लड़ेंगे।'

पत्रकार वार्ता में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पार्टी के प्रदेश संयोजक गोपाल राय भी मौजूद थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.