IB कर्मी अंकित शर्मा हत्याकांड में दोषी करार ताहिर हुसैन पर केजरीवाल की चुप्पी टूटी, BJP और RSS पर भी साधा निशाना
आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में पूर्व 'आप' पार्षद ताहिर हुसैन को दोषी ठहराया है। इस पर ...और पढ़ें

ताहिर हुसैन को लेकर भाजपा नेता लगातार केजरीवाल से प्रश्न कर रहे थे, ऐसे में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। वीडियो ग्रैब
HighLights
ताहिर हुसैन को अंकित शर्मा हत्याकांड में दोषी ठहराया गया।
केजरीवाल ने कहा, ताहिर हुसैन को आप से निकाला गया था।
भाजपा ने केजरीवाल की चुप्पी पर सवाल उठाए थे।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के दौरान इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में पूर्व आम आदमी पार्टी (आप) पार्दष ताहिर हुसैन को दोषी ठहराया है। इस फैसले पर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ताहिर हुसैन को बहुत पहले पार्टी से निकाल दिया गया था। दरअसल, ताहिर को लेकर भाजपा नेता लगातार केजरीवाल से प्रश्न कर रहे थे, ऐसे में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही।
आप नेतृत्व पर उठ रहे थे सवाल
केजरीवाल ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय के पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा, 'हमने उन्हें आप से बहुत पहले निकाल दिया था। क्या वह चंदा चोर पार्टी की किसी सहयोगी संगठन में शामिल नहीं हो गए थे?' यह बयान दिल्ली के कानून मंत्री कपिल मिश्रा और अन्य भाजपा नेताओं द्वारा आप नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल उठाने के कुछ घंटों के बाद आया है।
वोट बैंक की राजनीति करार दिया
दरअसल, कपिल मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछा था कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह इस मामले पर क्यों चुप हैं? भाजपा नेता गौरव भाटिया ने भी केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा था कि वे अभी भी ताहिर हुसैन की रक्षा कर रहे हैं। उन्होंने आप विधायक अमानतुल्लाह खान के बयान का हवाला देते हुए इसे वोट बैंक की राजनीति करार दिया।
नाले से बरामद हुआ था शव
बता दें कि वर्ष 2020 में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में हुए दंगों के दौरान अंकित शर्मा घर से निकलने के बाद लापता हो गए थे। बाद में उनका शव चांद बाग इलाके के पास एक नाले से बरामद किया गया। इन दंगों में कुल 53 लोगों की मौत हुई थी और सैकड़ों लोग घायल हुए थे। आप ने ताहिर हुसैन को पहले ही पार्टी से निष्कासित कर दिया था। केजरीवाल के बयान से पार्टी ने इस मामले में अपनी किसी भी प्रकार की संलिप्तता से साफ इंकार कर दिया है।
यह भी पढ़ें- 91 गवाह, वैज्ञानिक साक्ष्य और 320 पन्नों का फैसला... कोर्ट अंकित शर्मा हत्याकांड के दोषी को 23 जुलाई को सुनाएगी सजा
यह भी पढ़ें- 50 से ज्यादा जख्म, नाले में लाश... देश को झकझोर देने वाला था IB अधिकारी अंकित शर्मा हत्याकांड
यह भी पढ़ें- दिल्ली दंगों के 4 बड़े केस अब भी अधूरे, अंकित शर्मा हत्याकांड में फैसले के बाद इन मामलों पर फोकस
