कैट ने हिन्दुस्तानी दीपावली मनाने का किया आह्वान
राष्ट्रीय अभियान भारतीय सामान हमारा अभिमान के अंतर्गत कैट ने देश के लोगों को इस साल की दीपावली को हिदुस्तानी दीपावली के रूप में मनाने का आह्वान किया है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली:
चीनी वस्तुओं के बहिष्कार के अपने राष्ट्रीय अभियान 'भारतीय सामान -हमारा अभिमान' के अंतर्गत एक कदम आगे बढ़ाते हुए कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने देश के व्यापारियों और लोगों को इस साल की दीपावली को 'हिदुस्तानी दीपावली' के रूप में मनाने का आह्वान किया है। कैट ने कहा कि सभी भारतवासी इस वर्ष की दीपावली में किसी भी चीनी सामान का उपयोग न करने का संकल्प लें। कैट ने यह भी कहा कि चीन और चीनी वस्तुओं के विरोध में देश के व्यापारी बेहद मजबूती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश की सेनाओं के साथ खड़े हैं। ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि चीनी सामान या चीनी कंपनियों के साथ अनुबंध किसी भी तरह देश के व्यापार को और अधिक प्रदूषित न करें।
कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा है कि इस वर्ष की दीपावली पर अपने देश की मिट्टी से बने दीये और मिट्टी की मूर्तियां तथा अन्य भारतीय सामान का ही उपयोग किया जाए। इसी तरह राखी और जन्माष्टमी व अन्य त्यौहार भी केवल भारतीय वस्तुओं का उपयोग कर भारतीय संस्कृति के अनुरूप ही मनाए जाएंगे। कैट ने व्यापारियों से चीन से अपना माल अब आयात न करने का अनुरोध करते हुए कहा कि यदि किसी भी व्यापारी के पास चीनी सामान का स्टॉक है तो उन्हें इसे 15 जुलाई तक बेच देना चाहिए।
कैट ने कहा कि चीनी वस्तुओं की खरीद पर लोगों द्वारा खर्च किया हुआ धन चीन हमारी फौजों के खिलाफ प्रयोग करता है या फिर भारत में आतंकी गतिविधियों के संचालन में चीन पाकिस्तान की मदद करता है।