करवाचौथ के चांद पर ‘अर्णब’ का साया, खराब मौसम ने बढ़ाई दिल्ली-NCR की महिलाओं की चिंता
दिल्ली-NCR में चक्रवाती तूफान 'अर्णब' के असर से करवाचौथ पर बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश हुई है, जिससे चांद के दीदार पर संकट गहरा गया है।

करवाचौथ पर दिल्ली-एनसीआर में छाए बादल। AI जनरेटेड इमेज
HighLights
दिल्ली-एनसीआर में करवाचौथ पर बादल छाए, बारिश।
चक्रवाती तूफान 'अर्णब' से चांद दीदार पर संकट।
गुरुवार को येलो अलर्ट, तापमान में गिरावट संभव।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सहित एनसीआर में आज गुरुवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। साथ ही कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई है।
वहीं, करवाचौथ के दिन बारिश के मौसम को लेकर उन महिलाओं की चिंता बढ़ गई हैं, जिन्होंने सुबह से अपने सुहाग की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा हुआ है। ऐसे में महिलाओं की चिंता है कि अगर मौसम में बदलाव नहीं हुआ तो चांद कब नजर आएगा?
तेज हवाएं चलने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के असर से आज गुरुवार और शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
ठंड का अहसास बढ़ेगा
इससे अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का अहसास बढ़ेगा। मौसम में इस बदलाव का असर करवा चौथ पर चांद के दीदार पर भी पड़ सकता है। बादल छाए रहने की स्थिति में महिलाओं को चांद देखने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
येलो अलर्ट भी जारी
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान गिरकर 26 से 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। गुरुवार के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस महीने का अब तक का सबसे कम स्तर था।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 31 अक्टूबर यानी शनिवार से आसमान साफ होने की संभावना है। इसके बाद अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि, सुबह और रात की ठंडक बने रहने के आसार हैं।
