विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करिश्मा कपूर के बच्चों को कोर्ट से बड़ी राहत, ट्रस्ट विवाद में अगस्त तक आ सकता है फैसला

Published: Tue, 07 Jul 2026 09:06 PM (IST)

दिल्ली हाई कोर्ट ने दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर के फैमिली ट्रस्ट विवाद में करिश्मा कपूर के बच्चों को अंतरिम राहत ...और पढ़ें

दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर के फैमिली ट्रस्ट विवाद में दिल्ली हाई कोर्ट में हुई सुनवाई।

दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर के फैमिली ट्रस्ट विवाद में दिल्ली हाई कोर्ट में हुई सुनवाई।

HighLights

  1. करिश्मा कपूर के बच्चों को दिल्ली हाई कोर्ट से अंतरिम राहत मिली।

  2. लिखित जवाब सीलबंद लिफाफे में दाखिल करने की अनुमति दी गई।

  3. संजय कपूर फैमिली ट्रस्ट विवाद अगस्त तक सुलझने की उम्मीद।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर के फैमिली ट्रस्ट विवाद में दिल्ली हाई कोर्ट ने करिश्मा कपूर के बच्चों को अंतरिम राहत देते हुए उनका लिखित जवाब सीलबंद लिफाफे में दाखिल करने की अनुमति दे दी। हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया कि इस लिखित जवाब को रिकाॅर्ड पर लिया जाएगा या नहीं, इसका फैसला लंबित आवेदन पर सुनवाई के बाद किया जाएगा।

मध्यस्थता की अवधि

न्यायमूर्ति तुषार राव गेडेला करिश्मा कपूर के बच्चों की ओर से दायर उस आवेदन पर सुनवाई कर रहे थे, जिसमें रानी कपूर द्वारा प्रिया कपूर के खिलाफ दायर दीवानी वाद में लिखित जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय देने और मध्यस्थता की अवधि को वैधानिक समयसीमा से बाहर रखने का अनुरोध किया गया था।

मुकदमे में आगे कुछ भी शेष न रहे

सुनवाई के दौरान रानी कपूर की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता वैभव गग्गर ने आवेदन का विरोध नहीं किया। उन्होंने अदालत को बताया कि पक्षकारों के बीच मध्यस्थता अंतिम चरण में है और अगस्त तक विवाद के सुलझने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यदि समझौता हो जाता है तो मुकदमे में आगे कुछ भी शेष नहीं रहेगा।

समाधान निकालने का प्रयास

प्रिया कपूर की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता शैल त्रेहन ने भी अदालत को बताया कि उन्हें जल्द सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है। इस पर न्यायमूर्ति गेडेला ने टिप्पणी की कि उन्हें भी ऐसी ही उम्मीद है, क्योंकि मामले में एक सक्षम मध्यस्थ कार्य कर रहे हैं। अदालत को यह भी बताया गया कि पूर्व प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ मध्यस्थ के रूप में दोनों पक्षों के बीच समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

अगस्‍त तक होगा समाधान!

अदालत ने करिश्मा कपूर के बच्चों की ओर से दाखिल लिखित जवाब को सीलबंद लिफाफे में स्वीकार करने की अनुमति देते हुए कहा कि इसे रिकाॅर्ड पर लेने का अंतिम निर्णय लंबित आवेदन के निस्तारण के बाद ही किया जाएगा। वहीं, सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की ओर से यह संकेत भी दिया गया कि यदि मध्यस्थता सफल रहती है तो संजय कपूर फेमिली ट्रस्ट से जुड़ा यह विवाद अगस्त तक अदालत के बाहर ही समाप्त हो सकता है।

यह भी पढ़ें- करिश्मा कपूर के बच्चों को हाई कोर्ट से बड़ी राहत, संजय कपूर की संपत्तियों को सुरक्षित रखने का आदेश