अजमेरी गेट में पानी की पाइपलाइन फटने से कमला मार्केट बेहाल, 271 दुकानें डूबीं; व्यापारियों ने मांगा मुआवजा
अजमेरी गेट के पास पुल निर्माण के दौरान मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से कमला मार्केट की 271 दुकानें पानी में डूब गईं।
-1789223659107_m.webp)
डूबीं दुकानें।
HighLights
पुल निर्माण के दौरान अजमेरी गेट पर मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई।
कमला मार्केट की 271 दुकानों में दो-तीन फीट पानी भर गया।
व्यापारियों ने करोड़ों के नुकसान का दावा किया, जांच की मांग।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। अजमेरी गेट स्थित चौक के पास पुल निर्माण के दौरान पानी- सप्लाई की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जिस कारण कमला मार्केट की 271 दुकानों में पानी भर गया और व्यापारियों को बहुत नुकसान हुआ है।
व्यापारियों के अनुसार शाम करीब पांच बजे पाइपलाइन टूटने के बाद बाजार में दो से तीन फीट तक पानी भर गया। इससे ट्रांसपोर्ट गोदामों, इलेक्ट्रानिक दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों में रखा सामान डूब गया।
व्यापारियों ने करोड़ों रुपये के नुकसान का दावा किया है। हालांकि अभी वास्तविक क्षति का आकलन नहीं हुआ है।
— बेहती हवा (@behtihawa11) September 12, 2026
ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष ने क्या बताया?
कमला मार्केट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र कपूर ने कहा कि व्यापारी विकास कार्य के विरोध में नहीं हैं, लेकिन निर्माण के दौरान सार्वजनिक सुविधाओं और दुकानदारों की सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की तकनीकी जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
व्यापारियों ने बताया कि बाजार में करीब पांच महीने से सीवर लाइन के लिए की गई खुदाई के बाद काम अधूरा पड़ा है। शुक्रवार को पानी भरने से खुले सीवर और खुदाई वाले स्थान भी जलमग्न हो गए, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया।
व्यापारियों ने तत्काल बैरिकेडिंग, अधूरे सीवर कार्य को पूरा करने और पुरानी दिल्ली क्षेत्र में बाधित जलापूर्ति जल्द बहाल करने की मांग की है। साथ ही ठेकेदार के साथ संबंधित विभागीय अधिकारियों की भूमिका की भी जांच करने को कहा है।
