JNU यौन उत्पीड़न मामला: दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम को भेजा नोटिस, पूछताछ के लिए किया तलब
दिल्ली पुलिस ने जेएनयू यौन उत्पीड़न मामले में कांग्रेस सांसद और बर्खास्त प्रोफेसर आंगोमचा बिमोल अकोइजम को 15 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया है।

कांग्रेस सांसद और बर्खास्त प्रोफेसर आंगोमचा बिमोल अकोइजम।
HighLights
कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम को दिल्ली पुलिस का नोटिस।
जेएनयू यौन उत्पीड़न मामले में 15 अक्टूबर को पूछताछ।
11 छात्राओं की शिकायत पर हुई थी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में छात्राओं के यौन उत्पीड़न के मामले में दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद और बर्खास्त प्रोफेसर आंगोमचा बिमोल अकोइजम को नोटिस जारी कर 15 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया है।
वसंत कुंज नॉर्थ थाना पुलिस ने सांसद के आवास के बाहर नोटिस चस्पा कर उन्हें जांच में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जेएनयू के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत के आधार पर 11 अक्टूबर को वसंत कुंज नार्थ थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75, 75(1)(i), 75(1)(iv) और 79 के तहत आरोप दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब मामले से जुड़े तथ्यों और शिकायतों की जांच कर रही है।
11 छात्राओं ने की थी शिकायत
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कम से कम 11 छात्राओं ने मई में अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई थीं। छात्राओं ने आरोप लगाया था कि उन्हें बैठकों या अन्य कार्यक्रमों के बहाने परिसर स्थित आवास पर बुलाया जाता था और वहां उनके साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न की कोशिश की गई। कुछ छात्राओं ने कक्षा में अश्लील और अनुचित टिप्पणियां किए जाने के आरोप भी लगाए थे।
इन शिकायतों की विश्वविद्यालय स्तर पर भी जांच की गई थी। आंतरिक समिति की जांच के बाद प्रमुख अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की गई, जिसके बाद जेएनयू ने 9 अक्टूबर को अकोइजम को प्रोफेसर के पद से बर्खास्त कर दिया था।
आरोपों को बताया था 'विच हंट'
अकोइजम ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कार्रवाई को 'विच हंट' बताते हुए अपने खिलाफ मौजूद साक्ष्यों को सार्वजनिक करने की मांग की थी। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है और आरोपों पर किसी आपराधिक अदालत का अंतिम फैसला नहीं आया है।
भाजपा ने राहुल गांधी से मांगा जवाब
इस मामले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी सवाल उठाए हैं। भाजपा ने पूछा है कि महिलाओं के अधिकारों और पितृसत्ता के खिलाफ आवाज उठाने वाले राहुल गांधी ने अपने सांसद के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की।
इससे पहले 13 अक्टूबर को भाजपा की महिला सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की थी।
भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से शिकायत करने वाली छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया।
यह भी पढ़ें- JNU यौन उत्पीड़न मामले में कांग्रेस से MP को निलंबित करने की मांग, राष्ट्रपति से मिलीं BJP की सांसद
