जेईई-एडवांस्ड में बेटियों का दमदार प्रदर्शन, 10 हजार से अधिक छात्राएं सफल
जेईई एडवांस्ड 2026 में 10,107 छात्राओं ने सफलता हासिल कर पिछले छह वर्षों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। इस वर्ष ...और पढ़ें

जेईई एडवांस्ड 2026 में छात्राओं का रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन, 10 हजार से ज्यादा सफल। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
जेईई एडवांस्ड 2026 में 10,107 छात्राओं ने शानदार सफलता हासिल की।
यह पिछले छह वर्षों में महिला अभ्यर्थियों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
पंजीकृत छात्राओं में से 23.4 प्रतिशत ने परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की।
पीटीआई, नई दिल्ली। आईआईटी में दाखिले की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक जेईई एडवांस्ड में इस बार बेटियों ने पिछले छह वर्षों का सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। 2026 में 10,107 छात्राओं को इस परीक्षा में सफलता मिली। छह साह के बाद पहली बार सफल महिला अभ्यर्थियों की संख्या 10 हजार के पार पहुंची है।
आईआईटी रुड़की की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल पंजीकृत छात्राओं में 23.4 प्रतिशत सफल रहीं, जबकि 2025 में यह दर 21.7 प्रतिशत थी। जेईई-एडवांस्ड 2026 के लिए पंजीकरण कराने वाली 43,112 छात्राओं में से 40,562 ने दोनों पेपर दिए। इनमें से 10,107 छात्राओं ने सफलता प्राप्त की।
हर चार महिला उम्मीदवारों में से एक को सफलता मिली
इस तरह इस साल जेईई-एडवांस्ड के लिए पंजीकरण कराने वाली हर चार महिला उम्मीदवारों में से एक को सफलता मिली। पिछले साल की तुलना में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग में उम्मीदवारों की सफलता दर में में भी क्रमशः 9.8 और 8.1 प्रतिशत अंकों की बढ़ोतरी हुई है। 2026 में कुल 15,856 अनुसूचित जाति उम्मीदवारों और 6,379 अनुसूचित जनजाति उम्मीदवारों ने सफलता प्राप्त की, जबकि 2025 में ये आंकड़े क्रमशः 12,499 और 5,008 थे।
जेईई (मेन) में शीर्ष 2.5 लाख रैंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवार जेईई-एडवांस्ड में शामिल होने के लिए पात्र होते हैं। जेईई-एडवांस्ड 2026 में कुल 1,79,694 उम्मीदवारों ने दोनों पेपर दिए और 56,880 अभ्यर्थी सफल हुए। यह परीक्षा 17 मई को हुई थी, जबकि परिणाम एक जून को जारी किया गया था।
