मोदी की लोकप्रियता के डर से दिल्ली सरकार नहीं लागू कर रही आयुष्मान योजना: शाह
जागरण के 75 वर्ष पूरे होने पर जागरण फोरम का मंच दिल्ली में सजा तो फिर दिल्ली से जुड़े सवाल कैसे पीछे रह जाते। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जब मंच पर आए तो श्रोता उनसे दिल्ली को लेकर सवाल पूछने लगे।
नेमिष हेमंत, नई दिल्ली
जागरण के 75 वर्ष पूरे होने पर जागरण फोरम का मंच दिल्ली में सजा तो फिर दिल्ली से जुड़े सवाल कैसे पीछे रह जाते। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जब मंच पर आए तो श्रोता उनसे दिल्ली को लेकर सवाल पूछने लगे।
एक लड़की ने सवाल किया कि दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक व स्कूलों की हालत खराब है, आप क्या कहेंगे। शाह ने इसका सीधा जवाब नहीं दिया, उन्होंने दर्शक दीर्घा में बैठे दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा कि सामने मनोज तिवारी बैठे हैं, वह इन मामलों को देखेंगे। जिक्र चला तो दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के जख्म को भी याद किया गया। एक श्रोता ने सवाल किया कि आप के नेतृत्व में भाजपा हमेशा चुनाव जीतती है, लेकिन दिल्ली में पार्टी को विधानसभा चुनाव में जीत नहीं मिली तो क्या इसका विश्लेषण किया गया, जवाब देते हुए शाह ने कहा कि जो भी हार-जीत होती है, संगठन के स्तर पर उसकी समीक्षा होती है और उस आधार पर संगठन को बेहतर किया जाता है। उसी का नतीजा है कि तीनों नगर निगमों के चुनाव जीते हैं। सभी लोकसभा सीटें जीती थीं। अब लोकसभा चुनाव आ रहा है तो मैदान में वो भी (आम आदमी पार्टी) आएंगे और हम भी। दिल्ली की जनता को देखना है कि कौन सरकार राष्ट्रीय राजधानी को आगे ले जा सकती है।
दिल्ली सरकार द्वारा आयुष्मान योजना लागू नहीं करने के एक सवाल पर उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि उनको (आम आदमी पार्टी सरकार) डर है कि यह योजना अच्छी और इससे प्रधानमंत्री और भाजपा का नाम होगा, इसलिए वह दिल्ली वालों को इससे वंचित रख रही है। जबकि इसमें पांच लाख रुपये का बीमा होगा। दिल्ली के मरीज बाहर भी किसी अस्पताल में पांच लाख रुपये तकका मुफ्त इलाज करा सकेंगे।
कोट फोरम
यह एक अच्छा माध्यम है कि राष्ट्रीय मुद्दों पर जागरण फोरम के जरिये चर्चा की गई। इस तरह की चर्चाओं से पाठकों का ज्ञानवर्धन होता है
आदेश गुप्ता, महापौर, उत्तरी दिल्ली नगर निगम। दैनिक जागरण को 75 वर्ष पूरे होने पर बधाई। जागरण ने हमेशा से समाज को जागरूक करने का कार्य किया है। इस नेक कार्य के लिए जागरण को भविष्य के लिए अनेक शुभकामनाएं।
अनिरुद्ध शर्मा, सह संयोजक, भाजपा मीडिया संपर्क विभाग। जागरण फोरम में जन प्रतिनिधियों से सवाल-जवाब के जरिये लोगों का सीधा संवाद हुआ। इस जनप्रतिनिधियों के विचारों को प्रत्यक्ष सुनने का मौका मिला है।
सौरभ उनियाल, युवा नेता। दैनिक जागरण निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए जाना जाता है। वह जनहित के मुद्दों को जितना प्रमुखता से उठाता है, वह सराहनीय है।
भूपेंद्र गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष, स्थायी समिति, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम।