विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IRS अधिकारी की बेटी की हत्या में 100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाली, दिल्ली पुलिस पेश करेगी नए वीडियो सबूत

Published: Fri, 11 Sep 2026 08:43 AM (IST)

पुलिस ने वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की बेटी से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी राहुल मीणा के खिलाफ नए सिरे से ...और पढ़ें

आरोपी राहुल मीणा के खिलाफ दिल्ली पुलिस पेश करेगी नए सुबूत। फोटो: आर्काइव

आरोपी राहुल मीणा के खिलाफ दिल्ली पुलिस पेश करेगी नए सुबूत। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. आरोपी राहुल मीणा के खिलाफ नए वीडियो साक्ष्य तैयार किए गए

  2. सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से घटनाक्रम दोबारा ट्रैक किया

  3. ये साक्ष्य पूरक आरोपपत्र के साथ अदालत में दाखिल होंगे

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में वरिष्ठ IRS अधिकारी की बेटी से दुष्कर्म और हत्या के मामले में आरोपित राहुल मीणा के खिलाफ पुलिस ने नए सिरे से वीडियो साक्ष्य तैयार किए हैं।

सीसीटीवी फुटेज, वाहन का नंबर पहचानने वाले सिस्टम और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपित की गतिविधियों को दोबारा ट्रैक किया गया है। पुलिस इन साक्ष्यों को पूरक आरोपपत्र के साथ दाखिल करेगी।

घटनाक्रम को फिर से तैयार कर रही पुलिस

पुलिस ने अलग-अलग इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और टाइम-स्टैंप वाली तस्वीरों के जरिए घटनाक्रम को नए सिरे से तैयार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, इसका उद्देश्य घटनाओं का क्रम स्पष्ट करना और जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों की पुष्टि करना है।

इस मामले में पहले ही 973 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। इसमें सीसीटीवी फुटेज, उंगलियों के निशान, हथेली और अंगूठे के निशान, डीएनए सैंपल समेत कई साक्ष्य और 82 गवाहों के बयान शामिल हैं।

सौ से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगाली गई

मामले की शुरुआती जांच में पुलिस ने आरोपित की गतिविधियों का पता लगाने के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया था। सीसीटीवी के जरिए उसकी गतिविधियों को ट्रैक करने के साथ उसे पकड़ने में भी मदद मिली थी।

पुलिस की जांच में डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों का भी इस्तेमाल किया गया था। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, आरोपित तक पहुंचने में सीसीटीवी के अलावा डिजिटल ट्रेल ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

कोर्ट ने वीडियो साक्ष्य सुरक्षित रखने कहा

मामले में दाखिल 973 पन्नों के आरोपपत्र पर अदालत संज्ञान ले चुकी है। सुनवाई के दौरान अदालत ने मामले से जुड़े सभी वीडियो साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और उनके विवरण बचाव पक्ष को उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया था।

पुलिस की ओर से अदालत को यह भी बताया गया था कि कुछ जांच रिपोर्ट लंबित हैं, जिन्हें पूरक आरोपपत्र के जरिये दाखिल किया जाएगा।

आरोपित पर दुष्कर्म और हत्या का आरोप

अमर कॉलोनी पुलिस ने राहुल मीणा के खिलाफ 973 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया था। पुलिस के अनुसार, मामले में घटनाक्रम को साबित करने के लिए सीसीटीवी, फोरेंसिक साक्ष्य, डीएनए और फिंगरप्रिंट जांच के साथ 82 गवाहों के बयान शामिल किए गए हैं।

आरोपित राहुल मीणा परिवार के यहां पहले काम कर चुका था। उस पर वरिष्ठ IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी से दुष्कर्म और हत्या का आरोप है। मामले में आगे की जांच से जुड़े नए वीडियो साक्ष्य पूरक आरोपपत्र का हिस्सा बनाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- Shaadi.com पर की दिल्ली की युवती से दोस्ती, मेरठ बुलाकर किया दुष्कर्म... अब कर रहा ब्लैकमेल