विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंडिगो का सफर हुआ महंगा, एक्स्ट्रा बैगेज समेत कई सेवाओं की कीमतें बढ़ीं

Published: Fri, 18 Sep 2026 12:46 AM (IST)

इंडिगो एयरलाइन ने अतिरिक्त सामान, बच्चों के सफर, अकेले यात्रा करने वाले बच्चों की सेवा, प्रायोरिटी चेक-इन और ट्रैवल सर्टिफिकेट सहित कई सेवाओं के शुल्क बढ़ा दिए हैं।

इंडिगो ने बढ़ाईं कई सेवाओं की कीमतें।

इंडिगो ने बढ़ाईं कई सेवाओं की कीमतें।

HighLights

  1. अतिरिक्त सामान शुल्क 700 से 800 रुपये प्रति किलो हुआ।

  2. बच्चों के सफर का शुल्क 2,000 से 3,000 रुपये बढ़ा।

  3. प्रायोरिटी चेक-इन अब घरेलू उड़ानों पर 650 रुपये।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। देश की प्रमुख एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने अपनी कई सेवाओं के शुल्कों में बढ़ोतरी कर दी है। एयरलाइन ने अतिरिक्त सामान, बच्चों के सफर , अकेले यात्रा करने वाले बच्चों की सेवा, प्रायोरिटी चेक-इन और ट्रैवल सर्टिफिकेट के दामों में संशोधन किया है। इन शुल्कों में बदलाव को नियमित समीक्षा प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा रहा है।

नए संशोधनों के तहत, घरेलू उड़ानों पर एक्स्ट्रा बैगेज का शुल्क 700 रुपये प्रति किलो से बढ़ाकर 800 रुपये प्रति किलो कर दिया गया है, यानी यात्रियों को अब हर अतिरिक्त किलोग्राम पर 100 रुपये अधिक चुकाने होंगे। इसके अलावा, तीन दिन से दो साल तक के बच्चों के सफर का शुल्क 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये कर दिया गया है।

अकेले यात्रा करने वाले बच्चों की सेवा शुल्क में भी इजाफा हुआ है, जो घरेलू उड़ानों के लिए 5,000 रुपये से बढ़कर 5,999 रुपये और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए 12,999 रुपये तय किया गया है।

वहीं, प्रायोरिटी चेक-इन और बोर्डिंग के लिए घरेलू एयरपोर्ट पर अब 450 रुपये के बजाय 650 रुपये और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए 850 रुपये देने होंगे। इसके साथ ही, ट्रैवल सर्टिफिकेट का शुल्क भी 200 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया है। इंडिगो से इन शुल्कों में कई गई बढ़ोतरी के कारणों को समझने के लिए संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका।