ट्रेन से यात्रा करने वालों के लिए खुशखबरी, रेलवे कंबल की जगह देगा आरामदायक कंफर्टर
रेलवे ने एसी ट्रेनों में गंदे कंबलों की शिकायत दूर करने के लिए नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस में कंफर्टर उपलब्ध कराने की पायलट परियोजना शुरू की है।

रेलवे में मिलेंगे साफ सुथरे कंफर्टर।
HighLights
गंदे कंबलों की शिकायत दूर करने को रेलवे की पहल।
नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी में कंफर्टर सुविधा शुरू।
प्रत्येक यात्रा के बाद कंफर्टर की धुलाई, स्वच्छता सुनिश्चित।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। वातानुकूलित ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्री अक्सर गंदे व खराब गुणवत्ता वाले बिस्तर व कंबल को लेकर शिकायत करते हैं। सबसे अधिक शिकायत कंबल को लेकर है।
संसद में भी मामला उठ चुका है। इसके समाधान के लिए रेलवे ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी में कंबल की जगह कंफर्टर उपलब्ध कराने की पायलट परियोजना शुरू की गई है। कवर वाले कंबल का पायलट प्रोजेक्ट पहले चल रहा है।
फरवरी 2016 के बाद से स्थिति में हुआ सुधार
यात्रियों को अक्सर यह शिकायत रहती है कि उन्हें यात्रा के दौरान गंदे व दुर्गंध वाले कंबल दिए गए थे। वर्षों से इस तरह की शिकायत है। सदन में सांसद भी कई बार यह मामला उठा चुके हैं। फरवरी, 2016 में तत्कालीन रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने दो माह में एक बार कंबल की धुलाई की बात स्वीकार की थी। उसके बाद स्थिति कुछ सुधरी है।
नवंबर, 2024 में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सदन में बताया था कि प्रत्येक माह कम से कम एक बार कंबल को धोया जाता है। इसे भी पर्याप्त नहीं माना जाता है। अब भी गंदे कंबल की शिकायत आम है।
पिछले साल शुरू हुई थी कंबल पर कवर की पहल
इसके समाधान के लिए पिछले वर्ष जयपुर से अहमदाबाद के बीच चलने वाली ट्रेन में यात्रियों को कंबल पर कवर लगाकर देने का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। चादर व तकिया कवर के साथ ही कंबल के कवर को भी प्रत्येक उपयोग के बाद धोया जाता है।
अब एक और पायलट प्रोजेक्ट कंबल की जगह कंफर्टर देने की शुरुआत की गई है। हावड़ा से नई दिल्ली के बीच चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस में 11 अक्टूबर से इसकी शुरुआत हुई है। इस ट्रेन के फर्स्ट एसी के यात्रियों को यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
पूर्वी रेलवे की इस पहल से समस्या होगी दूर
पूर्वी रेलवे द्वारा शुरू की गई है इस पहल से यात्रियों की समस्या दूर होने की उम्मीद है। पूर्वी रेलवे का कहना है कि यात्रियों के आराम व स्वच्छता को ध्यान में रखकर आरामदायक प्रिंटेड कंफर्टर देने की शुरुआत की गई है। प्रत्येक राउंड ट्रिप के बाद इसकी अच्छी तरह से धुलाई और सैनिटाइज किया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि दोनों पायलट प्रोजेक्ट में यात्रियों से फीडबैक ली जा रही है। इसकी समीक्षा करने के बाद अन्य ट्रेनों में यह सुविधा शुरू की जाएगी।
यह भी पढ़ें- AC कोच में यात्रियों को क्यों मिलती हैं 2 अलग-अलग चादरें? लॉजिक जानकर आप भी करेंगे रेलवे की तारीफ
