AI Impact Summit 2026 के लिए अभेद किला बनी दिल्ली, एंटी ड्रोन शील्ड व मल्टी-लेयर सिक्योरिटी से चप्पे-चप्पे पर नजर
दिल्ली 16-20 फरवरी तक भारत मंडपम में 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026' की मेजबानी कर रही है। यह फ्रांस के ...और पढ़ें

AI Impact Summit के लिए अभेद किला बनी दिल्ली। (जागरण ग्राफिक्स)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। नई दिल्ली एक बार फिर वैश्विक कूटनीति और तकनीक के बड़े मंच की मेजबानी के लिए तैयार है। G20 शिखर सम्मेलन की सफलता के बाद 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ आयोजित किया जाएगा।
फ्रांस के बाद भारत में हो रहा यह आयोजन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा मंच माना जा रहा है। इसमें 15 देशों के राष्ट्राध्यक्ष, 50 से अधिक मंत्री और डेलीगेट्स के साथ Microsoft, Google और Meta जैसी दिग्गज कंपनियों के 40 से अधिक सीईओ हिस्सा लेंगे।
समिट को लेकर दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस के बाद से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। हजारों पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया और पिछले कई दिनों से रिहर्सल कर हर पहलू को परखा गया है।
अभेद किला बनी दिल्ली
सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाया गया है, जिसमें आसमान से लेकर जमीन तक कड़ी निगरानी रखी जाएगी। भारत मंडपम पर पांच एंटी-ड्रोन सिस्टम और चार एयर डिफेंस गन तैनात की गई हैं, जो किसी भी हवाई खतरे से तुरंत निपटने में सक्षम होंगी।
पूरे क्षेत्र में 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और इनकी निगरानी के लिए मिनी कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से 24 घंटे रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पीएम मोदी से 17 फरवरी को मिलेंगे फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों, इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट में होंगे शामिल
जमीनी स्तर पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 20 से 25 एंटी-सबोटाज टीमें लगातार चेकिंग करेंगी, जबकि 12 बम निरोधक दस्ते तैनात रहेंगे। किसी भी विरोध-प्रदर्शन या आपात स्थिति से निपटने के लिए अरेस्ट टीमें बसों के साथ तैयार रहेंगी।
समिट के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। करीब 4,000 से 5,000 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और पूरे इलाके को 10 जोन व 22 सेक्टरों में बांटा गया है, जहां डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारी निगरानी करेंगे।
-1771140269111.png)
मेहमानों के लिए विशेष इंतजाम
मेहमानों की आवाजाही और ठहरने को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्राध्यक्षों और डेलीगेट्स को कड़ी सुरक्षा के बीच एयरपोर्ट से होटलों तक लाया जाएगा और उनके लिए बुलेटप्रूफ गाड़ियों की व्यवस्था की गई है।
नई दिल्ली के 10 प्रमुख होटलों में ठहरने का प्रबंध किया गया है, जहां हर होटल की सुरक्षा डीसीपी रैंक के अधिकारी की निगरानी में होगी। इसके अलावा चाणक्यपुरी स्थित सुषमा स्वराज भवन में भी एक दिन महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में 16 फरवरी से इंडिया AI Impact Summit 2026, टेक दिग्गजों का महाकुंभ में जी-20 जैसे सुरक्षा इंतजाम
समिट के दौरान NDMC का इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) पूरी व्यवस्था की ‘तीसरी आंख’ बना रहेगा। इस सेंटर से सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
साथ ही सफाई, ट्रैफिक और अन्य सेवाओं से जुड़े संसाधनों को भी रियल-टाइम ट्रैक किया जा रहा है, ताकि किसी भी समस्या का तुरंत समाधान हो सके।
एनडीएमसी की प्रमुख तैयारियां
- 300 से अधिक सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी
- 99 हॉटस्पॉट पर लगातार कूड़ा उठाने की व्यवस्था
- 20 प्रदूषण सेंसर से हवा की गुणवत्ता पर नजर
- 41 प्रमुख सड़कों पर विशेष सफाई और रखरखाव
राजधानी को समिट के लिए विशेष रूप से सजाया गया है। सड़कों, बाजारों और प्रमुख इलाकों में लाइटिंग, पेंटिंग और हरियाली से सुंदर बनाया गया है।
शांति पथ पर ट्यूलिप महोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा, जो मेहमानों के लिए खास आकर्षण होगा। इसके अलावा MCD द्वारा शहर के कई स्थानों पर एआई थीम पर आधारित कलाकृतियां स्थापित की जा रही हैं।
500 से ज्यादा एआई स्टार्टअप्स को मौका
इस समिट में 500 से अधिक एआई स्टार्टअप्स को अपनी तकनीक प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, जबकि सेंट्रल पार्क में आम लोगों के लिए भी एआई से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
भारत इस मंच के जरिए दुनिया को यह संदेश देना चाहता है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं, बल्कि आम लोगों और छोटे व्यवसायों के लिए भी उपयोगी और सुलभ हो सकती है।
इस समाचार में उपयोग किए गए क्रिएटिव ग्राफिक्स को NoteBookLM आर्टिफिशिएल इंटेलिजेंस प्रोग्राम की सहायता से बनाया गया है।
यह भी पढ़ें- India-AI Impact Summit: 20 से ज्यादा देशों टॉप लीडर्स होंगे शामिल, एआइ के भविष्य पर करेंगे मंथन
