IGI एयरपोर्ट पर हैंड बैगेज यात्रियों के लिए एक्सप्रेस एंट्री, अब नहीं लगेगी लंबी कतार
आईजीआई एयरपोर्ट ने केवल हैंड बैगेज वाले यात्रियों के लिए एक नई एक्सप्रेस सेवा शुरू की है। यह सुविधा टर्मिनल ...और पढ़ें

आईजीआई एयरपोर्ट पर केवल हैंड बैगेज वाले यात्रियों के लिए एक्सप्रेस सेवा शुरू।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट पर केवल हैंड बैगेज या बिना किसी सामान के यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक नई और समर्पित सुविधा की शुरुआत की है। इस विशेष सेवा का औपचारिक उद्घाटन दिल्ली एयरपोर्ट के डिप्टी सीईओ मनोमय राय द्वारा टर्मिनल-1 के गेट नंबर 5 पर रिबन काटकर किया गया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य टर्मिनल के प्रवेश द्वारों पर लगने वाली भीड़ को कम करना और हल्के सामान के साथ सफर करने वाले यात्रियों की आवाजाही को अधिक तेज़ और सुगम बनाना है।
इस नई व्यवस्था के तहत आईजीआई एयरपोर्ट के तीनों प्रमुख टर्मिनलों पर केवल केबिन बैग वाले यात्रियों के लिए समर्पित एंट्री गेट निर्धारित किए गए हैं। इसके अंतर्गत टर्मिनल-1 पर गेट नंबर 5, टर्मिनल-2 पर गेट नंबर 1 और टर्मिनल-3 पर गेट नंबर 2 को एक्सप्रेस लेन के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।
इस सुविधा से उन यात्रियों को सबसे बड़ा फायदा होगा जिन्हें सामान चेक-इन कराने के लिए काउंटर पर जाने की आवश्यकता नहीं होती। अब ऐसे यात्री बिना सामान्य लंबी लाइनों में फंसे सीधे समर्पित गेट से प्रवेश कर सुरक्षा जांच की ओर बढ़ सकेंगे, जिससे उनके समय की काफी बचत होगी।
