दिल्ली में बम विस्फोट की धमकी देने वाला निकला UPSC अभ्यर्थी, लाहौर कनेक्शन का दावा कर रूममेट से की थी 'शरारत'
बाहरी दिल्ली के मुखर्जी नगर में बम विस्फोट की धमकी देने वाले 23 वर्षीय युवक को कानपुर से गिरफ्तार किया गया है। यह युवक यूपीएससी अभ्यर्थी निकला।

सांकेतिक तस्वीर, एआई जनरेटेड।
HighLights
यूपीएससी अभ्यर्थी ने दी थी दिल्ली में बम विस्फोट की धमकी।
लाहौर संगठन से जुड़ा होने का किया था फर्जी दावा।
पूर्व रूममेट से शरारत के लिए की थी यह कॉल।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। मुखर्जी नगर में लाहौर, पाकिस्तान स्थित एक संगठन से जुड़ा होने का दावा कर बम विस्फोट की धमकी देने वाला 23 वर्षीय युवक यूपीएससी अभ्यर्थी निकला।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने तकनीकी जांच और अंतरराज्यीय समन्वय के जरिये महज 48 घंटे में मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपित को कानपुर से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि उसने अपने पूर्व रूममेट के साथ शरारत करने के इरादे से यह फर्जी कॉल की थी।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात इंद्रा विकास कॉलोनी में रहने वाले सिविल सेवा अभ्यर्थियों को एक अज्ञात लैंडलाइन नंबर से धमकी भरा फोन आया था।
आरोपी ने खुद को लाहौर के संगठन से जुड़ा बताया
कॉल करने वाले ने खुद को लाहौर स्थित संगठन से जुड़ा बताया और दिल्ली में बम विस्फोट करने की धमकी दी। उसने राजनीतिक व्यक्तियों के संबंध में भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामले में 29 अक्टूबर को मुखर्जी नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने कॉल से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल फुटप्रिंट और अन्य जानकारियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में कॉल करने वाले की पहचान कानपुर निवासी 23 वर्षीय यूपीएससी अभ्यर्थी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने कानपुर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
