बैंड-बाजा बारात के चलते यमुनापार में थम गई रफ्तार
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : बैंड, बाजा, बारात ने बृहस्पतिवार को यमुनापार में वाहनों की रफ्तार रोक दी। बैंक्वेट हॉलों के बाहर सड़कों पर अवैध पार्किंग के कारण सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही। वाहनों के पहिये थम गए। बारातियों के वाहनों की अधिकता होने के चलते वजीराबाद, गगन सिनेमा, खजूरी पुश्ता रोड, शास्त्री पार्क, जगतपुरी, शाहदरा जीटी रोड, सूरजमल विहार, मयूर विहार फेज-3 सहित अन्य मार्गो पर जाम लग गया।
फोटो संख्या- 13 ईएनडी 608

शाहदरा जीटी रोड पर सर्वाधिक बैंक्वेट हॉल होने से वहां स्थिति और खराब हो गई। खजूरी रोड से गगन सिनेमा तक भीषण जाम लग गया। यातायात को सुचारू करने व जाम खुलवाने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए। पुलिस चाहकर भी दूल्हों की चढ़त को नहीं रुकवा पाई। रही-सही कसर पटाखे चलाने वालों ने पूरी कर दी। शादी समारोहों में आए लोगों की गाड़ियां बैंक्वेट व मैरिज हॉल के बाहर पार्क कर दी गई। जाम की वजह से गाड़ियों को एक किलोमीटर का सफर एक घंटे में तय करना पड़ा। जाम से बचने के लोगों ने कॉलोनियों की गलियों का सहारा लिया, लेकिन वहां भी जाम से जूझना पड़ा। गगन सिनेमा व नंद नगरी से सीमापुरी होते हुए दिलशाद गार्डन मेट्रो स्टेशन तक यातायात थम गया। शाम से ही इन मार्गो पर जाम लगने लगा था, इससे देर रात तक लोगों को निजात नहीं मिल सकी। जाम की वजह से सवारियां ऑटो और बसों के लिए सड़क पर इधर-उधर भटकती नजर आईं। शादियों में लगने वाले जाम से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।