विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'यह हादसा नहीं, हत्या की साजिश है,' राइडर के पिता की मांग- कार ड्राइवर पर दर्ज हो अटेंप्ट टू मर्डर का केस

Published: Mon, 14 Sep 2026 07:23 PM (IST)Updated: Mon, 14 Sep 2026 08:13 PM (IST)

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स एरिया में हुई दुर्घटना के वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए ...और पढ़ें

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स एरिया में सिया नामक एक बाइक राइडर को कार सवार युवक ने टक्कर मार दी। इसके बाद पिता (इनसेट) ने अपनी नाराजगी जताई है। वीडियो ग्रैब

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स एरिया में सिया नामक एक बाइक राइडर को कार सवार युवक ने टक्कर मार दी। इसके बाद पिता (इनसेट) ने अपनी नाराजगी जताई है। वीडियो ग्रैब

HighLights

  1. गुरुग्राम पुलिस ने गोल्फ कोर्स दुर्घटना पर स्वतः संज्ञान लिया।

  2. वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

  3. पीड़िता के पिता को घटना की जानकारी देर से मिली।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स एरिया में हुए एक दुर्घटना के मामले में पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज करने का फैसला किया है। वायरल वीडियो के आधार पर गुरुग्राम पुलिस ने कहा है कि पीड़िता की तरफ से अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं आई है, लेकिन वीडियो देखने के बाद पुलिस खुद मामले में कार्रवाई कर रही है। वहीं, पीड़िता के भाई और वकील का दावा है कि कार में सवार चार-पांच लोग सिया का पीछा करते हुए गंदे इशारे भी कर रहे थे। वे अब इस मामले में एक और एफआईआर दर्ज कराएंगे।

क्या बोले सिया के पिता?

पीड़िता के पिता रौशन चौहान ने कहा है कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या की कोशिश (Attempt to Murder) का मामला है और पुलिस को इसी धारा के तहत केस दर्ज करना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी बेटी ने डर की वजह से शुरुआत में उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं दी थी, उन्हें इसका पता वायरल वीडियो के माध्यम से चला।

'फिर बेटी से की बात'

आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता सिया के पिता ने एएनआई से बात करते हुए कहा, 'मुझे हादसे के बारे में एक घंटे पहले ही पता चला। वरना मैं खुद जाकर मुकदमा दर्ज कराता। यह रात का मामला नहीं था, दिन में हुआ था। हम भाग्यशाली हैं कि हमारी बेटी को कोई चोट नहीं आई। मैंने उससे पूछा कि अगर ऐसी घटना हुई तो तुमने हमें क्यों नहीं बताया? घर पहुंचकर बताना चाहिए था।' फिलहाल, पुलिस जांच जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सोशल मीडिया में वायरल हुआ वीडियो

बता दें कि सिया ने इससे पहले अपनी मोटरसाइकिल पर लगे एक्शन कैमरे से रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि रविवार को जब वह बाइकर्स के एक समूह के साथ सवारी कर रही थीं, तब एक कार ने बार-बार उनका पीछा किया और फिर उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर भाग गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कार में सवार लोग नशे में लग रहे थे और ड्राइवर ने उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए कहने के बावजूद उन्हें रुकने के लिए कहा।

ड्राइवर ने नहीं ली जिम्मेदारी

सोशल मीडिया में वायरल फुटेज में भी स्पष्ट दिख रहा है कि कार उसकी मोटरसाइकिल से टकराती है, जिससे वह बाइक से गिर जाती है और मोटरसाइकिल को कई मीटर तक घसीटते हुए कार का ड्राइवर भाग जाता है। सिया ने बताया कि उसकी एक दोस्त ने कार का पीछा किया और ट्रैफिक सिग्नल पर चालक से पूछताछ की। उसके अनुसार, ड्राइवर ने जिम्मेदारी से इंकार किया और गाड़ी लेकर भाग गया।

बहन बोली- पीछा करते हुए कर रहे थे गंदे इशारे 

उधर, पीड़िता सिया के भाई ने कहा, 'यह घटना रविवार सुबह की है। हमने घर पर माता-पिता को नहीं बताया था, हालांकि उन्हें अंदाजा हो गया था कि उसके साथ कुछ हुआ है। शुरू में उसने अपनी परेशानी को जिम की वजह से शरीर में होने वाले दर्द से जोड़ा था। घटना होने पर उसने सबसे पहले मुझे फोन किया। उसने मुझे बताया कि एक दुर्घटना हुई है। पहले तो मुझे लगा कि वह फिसल गई है। फिर उसने बताया कि यह हिट-एंड-रन का मामला था। कोई उसका पीछा कर रहा था और अभद्र इशारे कर रहा था। आपने वीडियो भी देखा होगा।'

'हम भी दर्ज कराएंगे एफआईआर'

इसके आगे सिया के भाई ने कहा, 'वह उन्हें दूर रहने का इशारा कर रही थी। फिर भी उन्होंने अपनी गाड़ी की खिड़की नीचे की और बहुत अभद्र इशारे किए। गाड़ी में चार लोग थे और वे सभी नशे में थे। उसने मुझे यह बात बताई। यह घटना सुबह 7:30 से 8:00 बजे के बीच हुई। हो सकता है कि वे लोग पिछली रात से ही शराब पी रहे हों और सुबह सड़क पर वह उन्हें मिल गई। वह गहरे सदमे (ट्रॉमा) जैसी स्थिति से गुजर रही है। गुरुग्राम में दर्ज एफआईआर के बारे में हमारे वकील ने आगे की कार्रवाई के लिए वहां के एसएचओ से बात की है। हम अपनी तरफ से भी एक मुकदमा दर्ज कराएंगे।'

पीड़िता सिया के वकील अभिषेक चौहान कहते हैं, 'हम अब शिकायत दर्ज कराने जा रहे हैं। कार में चार लड़के थे जो नशे में थे। उन्होंने पहले उसे छेड़ने की कोशिश की थी; उसने उन्हें किनारे हटने का इशारा किया। आप इसे वीडियो में देख सकते हैं। उन्हें पीछे हटने के लिए कहा। फिर, जैसे ही वे आगे बढ़े, उन्होंने उसकी गाड़ी को टक्कर मारी और तेजी से भाग गए। यह घटना गुड़गांव में गोल्फ कोर्स रोड के पास हुई... वह किसी तरह घर पहुंची थी।'