सहकारिता विकास बोर्ड का गठन करे सरकार: भाजपा
भाजपा सहकारी संस्थाओं की समस्याएं हल करने और इसमें जनभागीदारी बढ़ाने के लिए काम करेगी। इसी कड़ी में पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू व प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिये सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ समवाद किया। प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली में सहकारिता विकास बोर्ड और सहकारिता कानून समिति बनाने की मांग की।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली :
भाजपा सहकारी संस्थाओं की समस्याएं हल करने और इसमें जनभागीदारी बढ़ाने के लिए काम करेगी। इसी कड़ी में पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू व प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने वीडियो कान्फ्रेंसिग के जरिये सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ संवाद किया। प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली में सहकारिता विकास बोर्ड और सहकारिता कानून समिति बनाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में पांच हजार से अधिक सहकारी संस्थाएं सक्रिय हैं। प्रत्येक सहकारी संस्था में लोकतांत्रिक प्रक्रिया बनी रहे और उसमें ज्यादा लोगों की सहभागिता हो इसके लिए प्रदेश भाजपा काम करेगी। उन्होंने कहा कि दस वर्ष पहले तक सहकारिता क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए राजधानी में सहकारिता विकास बोर्ड का गठन होता था। अब कई बार मांग करने के बावजूद बोर्ड का गठन नहीं हो रहा है। दिल्ली सरकार को जल्द से जल्द इस बोर्ड का गठन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आवासीय क्षेत्रों में सक्रिय सहकारी संस्थाओं के काम को व्यावसायिक गतिविधि नहीं माना जाना चाहिए। व्यावसायिक नियम लागू होने के कारण सीलिग की समस्या बनी रहती है। युवाओं को इस क्षेत्र से जोड़े जाने की जरूरत है। इसके लिए स्कूल-कॉलेज के पाठ्यक्रम में भी इसे शामिल किया जाना चाहिए। युवाओं और महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने की विशेष जरूरत है। इस क्षेत्र से जुड़े लोगों की समस्याओं को दिल्ली सरकार के सामने उठाया जाएगा।
जाजू ने कहा कि सहकारी संस्थाओं की संख्या तो बढ़ी है, लेकिन इसका मूल तत्व समाप्त हो रहा है। इसका कारण कांग्रेस से संबंधित लोगों का वर्षो तक इस पर हावी रहना है। अब नरेंद्र मोदी सरकार के नेतृत्व में स्थिति बदल रही है। वीडियो कान्फ्रेंसिग में संजय गर्ग, अशोक डबास, सुनील गुप्ता सहित सहकारिता क्षेत्र से जुड़े अन्य लोग शामिल थे।