राजधानी की मंडियों में लागू होगी ऑड-इवेन व्यवस्था : गोपाल राय
कोरोना वायरस के मद्देनजर देशभर में जारी लॉकडाउन के बीच राजधानी दिल्ली की मंडियों में अब शारीरिक दूरी का खास ख्याल रखा जाएगा। इन मंडियों में दुकानें अब ऑड-इवेन के आधार पर खोली जाएंगी। साथ ही फल-सब्जियों की बिक्री भी अलग-अलग निर्धारित समय पर की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया का संचालन करने के लिए दिल्ली सरकार ने सात नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : कोरोना वायरस के मद्देनजर देशभर में जारी लॉकडाउन के बीच दिल्ली की मंडियों में अब शारीरिक दूरी का खास खयाल रखा जाएगा। इन मंडियों में दुकानें अब ऑड-इवेन (सम-विषम) के आधार पर खोली जाएंगी। साथ ही फल-सब्जियों की बिक्री भी अलग-अलग निर्धारित समय पर की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया का संचालन करने के लिए दिल्ली सरकार ने सात नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं।
सोमवार को दिल्ली की सभी मंडियों के अधिकारियों के साथ विकास मंत्री गोपाल राय ने एक बैठक की। बैठक के बाद राय ने कहा कि दिल्ली में पांच फल-सब्जी और दो अनाज मंडी हैं। नई व्यवस्था के तहत अब इवेन तारीखों जैसे 0, 2, 4, 6, 8 पर इवेन संख्या वाले प्लेटफॉर्म शेड पर बिक्री की अनुमति दी जाएगी। इसी तरह ऑड तारीखों जैसे 1, 3, 5, 7 व 9 को ऑड शेड वाले दुकानदार बिक्री कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि अलग-अलग मंडी में एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है इसके साथ ही चार टास्क फोर्स का भी गठन किया गया है। दिल्ली कृषि मंडी बोर्ड के उपाध्यक्ष और विकास सचिव समग्र निगरानी के लिए जिम्मेदार होंगे। यदि सरकार के आदेशों का कोई उल्लंघन होता है तो ऐसा करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बॉक्स-1
मंडी के अंदर एक समय में दो हजार लोगों का ही होगा प्रवेश
गोपाल राय ने बताया कि अब एक बार में सभी शेड पर काम नहीं होगा। वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाएगी। एक शेड पर काम होगा तो उसके बराबर में दूसरे शेड को खाली छोड़कर तीसरे शेड पर काम होगा। अब सुबह 6 बजे से 11 बजे तक सब्जियों की बिक्री होगी। वहीं दोपहर 2 बजे से 6 बजे तक फलों की बिक्री होगी। मंडी में काम करने वाले लोगों के अलावा जिन लोगों को पास जारी किया गया है, ऐसे केवल दो हजार लोगों को ही एक समय में मंडी में प्रवेश मिलेगा।