सांसद व पार्षद ने मौके पर सुलझाई लोगों की समस्याएं
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली लाजपत नगर की कृष्णा मार्केट में सांसद महेश गिरी की ओर से गिरी चौपा
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली
लाजपत नगर की कृष्णा मार्केट में सांसद महेश गिरी की ओर से गिरी चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के सेंट्रल जोन के चेयरमैन व पार्षद सुनील सहदेव सभी सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को उनका समाधान करने को कहा। महेश गिरी ने बताया कि जंगपुरा क्षेत्र में शौचालय, सुरक्षा, सफाई व सड़क आदि की व्यवस्था की गई है। चौपाल में आए लोगों ने जिन समस्याओं से अवगत कराया उसके तुरंत निदान के लिए सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने ने डिफेंस कॉलोनी फ्लाईओवर से लाजपत नगर जाने वाले रास्ते पर बंद किए गए यू-टर्न से हो रही परेशानी के संदर्भ में भी सांसद व पार्षद को अवगत कराया। सांसद ने कहा कि अभी कुछ समय पूर्व ही सभी संबंधित विभागों से बैठक कर व पत्र लिखकर उस यू-टर्न को खुलवाया गया था, परंतु दिल्ली सरकार के अधीन यूटिपेक विभाग की ओर से उसे बंद कर दिया गया है। अब वे इस मामले को उपराज्यपाल के समक्ष उठाएंगे और हस्तक्षेप के लिएअनुरोध करेंगे।
सुनील सहदेव ने कहा कि सफाई से संबंधित जो भी समस्याएं लोगों ने बताई उनसे अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया। सेनिटेशन व मलेरिया इंस्पेक्टरों को भी कहा गया है कि वे लोगों के संपर्क में रहें और उनकी समस्याओं का समाधान करने में कोई कोताही न बरतें। इस दौरान भाजपा की मयूर विहार जिलामंत्री नीलम सहदेव, महामंत्री विजेंद्र धामा, उपाध्यक्ष सुचेता, मंडल अध्यक्ष राजीव पुरोहित, मंडल महामंत्री नत्थूलाल सांगवान, पूर्व मंडल अध्यक्ष रमन आर्या आदि मौजूद रहे।