दिल्ली में घर में घुसे तीन बदमाश, पिस्टल के बल पर एक लाख रुपये लूटे; विरोध करने पर पीटा
पूर्वी दिल्ली के घोंडा चौक में तीन बदमाशों ने एक घर में घुसकर पिस्टल के बल पर एक लाख रुपये ...और पढ़ें

घोंडा चौक पर गैंगस्टर हाशिम बाबा के साथी बताकर एक लाख की लूट।
HighLights
पूर्वी दिल्ली के घोंडा चौक में घर में लूटपाट
तीन बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर एक लाख रुपये लूटे
विरोध करने पर युवक को पिस्टल की बट से पीटा
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के घोंडा चौक इलाके में तीन बदमाश घर में घुस गए और पिस्टल दिखाकर एक युवक से एक लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके साथी के सिर पर पिस्टल की बट से कई वार कर उसे घायल कर दिया और हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
पिस्टल दिखाकर मांगे रुपये
पीड़ित मोहित चौधरी ने पुलिस को बताया कि गत शुक्रवार रात वह अपने घर पर जानकार अभिनव के साथ मौजूद था। इसी दौरान तीन बदमाश घर में घुस आए और पिस्टल दिखाकर रुपये मांगने लगे।
मोहित और अभिनव ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने अभिनव के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसके सिर पर पिस्टल की बट से कई वार किए गए।
एक लाख रुपये लेकर फरार
मारपीट के बाद बदमाश घर में रखे एक लाख रुपये लेकर फरार हो गए। जाते समय आरोपित हथियार लहराते हुए मौके से निकले।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मोहित की शिकायत पर जाफराबाद थाना पुलिस ने लूट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपितों की तलाश में जुटी है।
