मंगोलपुरी में महिला से सामूहिक दुष्कर्म
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली: मंगोलपुरी इलाके में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली: मंगोलपुरी इलाके में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने आरोपियों पर किराये का कमरा दिखाने के बहाने दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ब्रिजनंदन शुक्ला व राजेश खुराना के रूप में हुई है।
28 वर्षीय पीड़िता अपने पति के साथ मंगोलपुरी इलाके में किराये के मकान में रहती है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि ब्रिजनंदन शुक्ला की किराने की दुकान है। जहां से वह घरेलू सामान खरीदा करती थी। उन्होंने ब्रिजनंदन से किराये पर मकान दिलाने के लिए कहा था। मंगलवार की शाम ब्रिजनंदन ने बताया कि उसके एक जानकार का कमरा खाली है। इसके बाद उसने फोटो स्टूडियो चलाने वाले राजेश से उसकी मुलाकात कराई और स्टूडियो के ऊपर बने कमरे में ले गए, जहां दोनों ने धमकी देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को वारदात की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।