चार किलो हेरोइन के साथ नाइजीरियाई तस्कर गिरफ्तार
फोटो संख्या-7 डेल 601 -दिल्ली और एनसीआर सहित विदेशों में भेजता था हेरोइन जागरण संवाददाता, न
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हेरोइन की तस्करी में एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्कर गिरोह के बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान नाइजीरिया निवासी ओसी इहेअनाचो के रूप में हुई है। उसके पास से चार किलो हेरोइन बरामद की गई है। वह अफगानिस्तान मूल के तस्करों से हेरोइन प्राप्त कर इसकी आपूर्ति दिल्ली सहित अन्य राज्यों के अलावा पार्सल द्वारा विदेशों में करता था। वह गत दो वर्षो से अपने मूल के गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर हेरोइन की तस्करी कर रहा था।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त पीएस कुशवाहा ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्कर गिरोह का सदस्य उत्तम नगर इलाके में रह रहा है। वह भारी मात्रा में हेरोइन की खेप के साथ मजनूं का टीला इलाके में आने वाला है। इसकी सूचना के बाद इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह की टीम ने नाइजीरियन ओसी इहेअनाचो को मौके से दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चार किलो हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह सन 2013 में मुंबई आया था। कुछ समय बाद वह दिल्ली में रहने लगा।
इसी दौरान उसकी मुलाकात अफ्रीकी मूल के तस्करों से हुई थी। जल्द रुपये कमाने के चक्कर में उसने अपने मूल के तस्कर गिरोह के साथ मिलकर मादक पदार्थ की तस्करी शुरू कर दी थी। वह नाइजीरियाई तस्कर गिरोह के माध्यम से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा सहित अन्य राज्यों में ड्रग्स की आपूर्ति करता था। वहीं गिरोह के तस्कर पार्सल द्वारा हेरोइन की खेप इंग्लैंड, फ्रांस, कनाडा और दक्षिण अफ्रीका में भी भेजते थे।