कोरोना का डर हो रहा दूर, स्मारकों पर पर्यटक जुट रहे भरपूर
तीन माह के लंबे अंतराल के बाद दिल्ली के स्मारक खुले हैं तो धीरे धीरे अब पर्यटकों की संख्या भी बढ़ने लगी है। रविवार को 4 सौ से अधिक पर्यटक कुतुबमीनार में पहुंच गए। इसी तरह अन्य स्मारकों में भी संख्या बढ़ी है। मगर लालकिला में संख्या नहीं बढ़ पा रही है। इसका कारण स्वतंत्रता दिवस को लेकर लालकिला में चल रहीं तैयारियां भी हैं। जिसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : तीन माह के लंबे अंतराल के बाद दिल्ली के स्मारक खुले हैं तो धीरे-धीरे अब पर्यटकों की संख्या भी बढ़ने लगी है। रविवार को चार सौ से अधिक पर्यटक कुतुबमीनार में पहुंच गए। इसी तरह अन्य स्मारकों में भी संख्या बढ़ी है। हालांकि लालकिला में संख्या नहीं बढ़ पा रही है। इसका कारण स्वतंत्रता दिवस को लेकर लालकिला में चल रही तैयारियां हैं।
लॉकडाउन के चलते 25 मार्च से पर्यटकों के लिए स्मारक बंद थे। इन्हें 6 जुलाई से खोला गया है। दिल्ली में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के 174 स्मारक हैं। उसमें से 10 स्मारकों में टिकट लगता है। 6 जुलाई को दो पर्यटक पहुंचे थे, उसके बाद से संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है। शनिवार और रविवार को यह संख्या एकाएक बढ़ी है।
सूत्रों की मानें तो शनिवार को सभी स्मारकों को मिलाकर यह संख्या 570 से ऊपर तक जा पहुंची। इसमें से प्रमुख रूप से कुतुबमीनार में करीब 250, हुमायूं के मकबरे में 200 पर्यटक पहुंचे। हालांकि लालकिला में केवल 50 पर्यटक ही पहुंचे। वहीं रविवार को कुतुबमीनार देखने 400 से अधिक पर्यटक पहुंचे गए, जबकि हुमायूं के मकबरे में 190 और लालकिला में 90 के करीब पर्यटक पहुंचे। इन पर्यटकों में दस विदेशी भी थे।