पुलिस की सख्ती से किसान नहीं पहुंच सके दिल्ली
जासं, नई दिल्ली : पुलिस की सख्ती के कारण अन्य राज्यों से प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली आ रहे अधिक
जासं, नई दिल्ली : पुलिस की सख्ती के कारण अन्य राज्यों से प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली आ रहे अधिकांश किसानों को सीमा पर ही रोक दिया गया। किसान दिल्ली में प्रवेश न कर पाएं, इसके लिए दिल्ली पुलिस ने पहले से व्यवस्था की थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बृहस्पतिवार रात से ही दिल्ली की सीमा को सील कर दिया गया था ताकि किसान दिल्ली में प्रवेश ना कर सकें। चौकस पुलिस ने अलग-अलग वाहनों से आ रहे किसानों को सीमा पर ही रोक दिया गया। बावजूद इसके कुछ किसान चोरी-छुपे दिल्ली पहुंचने में सफल हो गए, लेकिन कम संख्या होने के कारण उनका प्रदर्शन विफल हो गया। हालांकि इस दौरान किसी किसान को हिरासत में लेने की सूचना नहीं है। मालूम हो कि फसलों का लागत मूल्य बढ़ाए जाने व कर्ज माफी सहित अपनी अन्य मांगों को लेकर किसान संगठनों ने शुक्रवार को दिल्ली में प्रदर्शन की घोषणा की थी। विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में किसानों के दिल्ली पहुंचने का दावा किया गया था, लेकिन राजधानी में अव्यवस्था ना फैले इसके लिए पहले से ही सीमाओं पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे।