MCD Exit Poll 2022: अरविंद केजरीवाल दिल्ली में BJP को दे सकते हैं झटका, एग्जिट पोल में AAP को बड़ी बढ़त
Delhi MCD Exit Polls 2022 दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए मतदान रविवार यानी चार दिसंबर को पड़े थे। चुनावों का परिणाम सात दिसंबर को आएगा। लेकिन एग्जिट पोलों में आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत दिख रही है।
नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। Delhi MCD Exit Poll 2022 दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए 4 दिसबंर को मतदान संपन्न हो गए। इस बार दिल्ली में 2014 और 2017 से भी कम मतदान हुआ। 22 मई को एकीकरण के बाद दिल्ली में पहली निगम के चुनाव हुए हैं। 250 वार्डों पर 1349 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस बार के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) में मुकाबला दिख रहा है। अगर इतिहास की बात करें तो दिल्ली नगर निगम में भाजपा का पलड़ा भारी रहा है। लेकिन इस बार के एग्जिट पोलों में परिणाम कुछ और ही दिख रहा है। इस बार सत्ताधारी दल यानी आम आदमी पार्टी को ज्यादा सीटें मिलती दिख रही हैं। पूर्ण बहुमत के साथ AAP दिल्ली में अपना मेयर बना सकती है।
अरविंद केजरीवाल दिल्ली में दे सकते हैं भाजपा को झटका
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा को तगड़ा झटका दे सकते हैं। एग्जिट पोलों के अनुसार, आम आदमी पार्टी आधे से ज्यादा वार्डों पर जीत रही है। पहली बार आप दिल्ली में अपना मेयर बना सकती है।
दिल्ली दंगों की चुनाव में हुई थी खूब चर्चा
सीलमपुर, जाफराबाद, शिव विहार, मुस्तफाबाद, चांदबाग, भजनपुरा, यमुना विहार, कर्दमपुरी, वेलकम सहित अन्य क्षेत्रों में सुबह से ही लोग मतदान के लिए पहुंचने शुरू हो गए थे। मतदाताओं में राजनीतिक पार्टियों के प्रति नाराजगी दिखी। चुनाव से एक दिन पहले ही इंटरनेट मीडिया पर दंगे से जुड़ी छोटी-छोटी वीडियो को राजनीतिक पार्टियों से जुड़े लोगों ने प्रसारित किया था। इन वीडियो का असर भी चुनाव में देखने को मिला।
दिल्ली नगर निगम चुनाव (कब कौन जीता)
वर्ष कौन जीता
1958 किसी को बहुमत नहीं
1962 कांग्रेस
1967 जनसंघ (अब भाजपा)
1972 जनसंघ (अब भाजपा)
1977 जनता पार्टी (अब भाजपा)
1983 कांग्रेस
1997 भाजपा
2002 कांग्रेस
2007 भाजपा
2012 भाजपा
2017 भाजपा
दिल्ली विश्वविद्यालय के वैश्विक अध्ययन केंद्र (सीजीएस) के सर्वे में दिल्ली में आम आदमी पार्टी, गुजरात व हिमाचल में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिल रहा है। आप को दिल्ली में 140, भाजपा को 99, कांग्रेस को छह और निर्दलीय को पांच सीटें मिलती दिख रही हैं। हिमाचल में भाजपा को 68 में से 62, कांग्रेस को पांच और आप को एक सीट। गुजरात में 182 में से भाजपा को 167, आप को 11 और कांग्रेस को चार सीट मिल रही हैं।
- टाइम्स नाउ-ईटीजी के एग्जिट पोल के अनुसार, दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) 146-156 वार्ड जीत रही है। वहीं, भाजपा को 84-94 सीटें मिलेंगी। कांग्रेस को 6 से 10 सीट मिल रही हैं।
- न्यूज चैनल आज तक द्वारा जारी किए गए एग्जिट पोल के आंकड़ों के अनुसार, AAP को 250 में से 149-171 सीटों पर जीत मिल रही है। भाजपा को 69-91 जीतों पर जीत मिल रही है। कांग्रेस को 3-7 सीट मिल रही हैं।
- न्यूज एक्स-जन की बात के एग्जिट पोल के अनुसार, आम आदमी पार्टी 159-175 सीट पर जीत रही हैं। भाजपा को 70-92 सीट मिल रही हैं। कांग्रेस को 4 से सात सीट मिल रही हैं।
2019 के चुनाव में दिल्ली में हुआ था 67.4 प्रतिशत मतदान
लोकसभा के 2014 के चुनाव में दिल्ली में 66.4 प्रतिशत तो 2019 में 67.4 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसी प्रकार वर्ष 2015 के निगम विधानसभा चुनाव में 67.13 प्रतिशत तो 2020 में 62.59 प्रतिशत मतदान हुआ था।
'मतदान के प्रतिशत से किसी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं'
मतदान प्रतिशत कम रहने के मायने का विश्वलेषण करते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय में राजनीतिक विज्ञान के प्रोफेसर संगीत रागी कहते हैं कि मतदान के प्रतिशत से किसी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं है, क्योंकि कई बार कम मतदान सत्तारुढ़ दल की वापसी कराता है तो कई मामलों में यह परिवर्तन भी करा देता है।
ऐसे में यह कहना कि इससे भाजपा या आम आदमी पार्टी (आप) को लाभ होगा यह सही नहीं होगा। हां कम मतदान का मतलब यह है कि दिल्ली नगर निगम के चुनाव में दिल्ली के मतदाता रुचि नहीं दिखा रहे हैं। जबकि जमीनी मुद्दों के लिए तो यही चुनाव काम करता है। हालांकि बीते चुनावों में यह देखा गया है कि लोकसभा और विधानसभा के चुनाव में यही दिल्ली के मतदाता बढ़चढ़कर हिस्सा लेते हैं वहीं, मतदाता दिल्ली नगर निगम के चुनाव में इतनी रुचि नहीं लेते हैं।
कुल वार्ड- 250
अनूसूचित जाति के लिए कुल आरक्षित वार्ड- 42
अनुसूचित जाति (महिला) के लिए आरक्षित वार्ड- 21
अनूसूचित जाति के लिए आरक्षित वार्ड- 21
महिलाओं के लिए आरक्षित वार्ड- 104
सामान्य- 104
कुल मतदाता- 1,45,05, 358
पुरुष मतदाता- 7893418
महिला मतदाता- 6610879
ट्रांसजेंडर- 1061
80 से 100 वर्ष के आयु के मतदाता- 2,04,301
100 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाता- 229
पहली बार मतदान करने वाले मतदाता- 95458
मतदान केंद्र (2017)- 13138
मतदान केंद्र (2022)- 13638
किस दल के कितने पुरुष महिला हैं प्रत्याशी
दल पुरुष प्रत्याशी महिला प्रत्याशी कुल
बसपा 56 76 132
भाजपा 113 137 250
सीपीआई 1 2 3
सीपीाआई (एम) 2 4 6
कांग्रेस 113 134 247
एनसीपी 11 15 26
आम आदमी पार्टी 110 140 250
आल इंडिया फारवर्ड ब्लाक 3 1 4
एआईएमआईएम 6 9 15
सीपीआई (एम-एल) 3 2 5
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग 1 0 1
जेडीयू 13 9 22
लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) 0 1 1
आरएलडी 1 3 4
समाजवादी पार्टी 1 0 1
निर्दलीय 206 176 382