ईस्ट लक्ष्मी मार्केट में अवैध मकानों पर हुई कार्रवाई
ईस्ट लक्ष्मी मार्केट में अवैध मकानों को गिराने का काम हुआ पूरा
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली :
ईस्ट गुरु अंगद नगर स्थित ईस्ट लक्ष्मी मार्केट में नाले के किनारे अवैध रूप से बनाई गई बची हुई इमारतों को भी निगम दस्ते ने ढहा दिया। यहां तीन दिन से कार्रवाई चल रही थी। यहां 200 मीटर की लंबाई में 56 अवैध इमारतें बनी थीं, जिसमें कई तीन मंजिला भी थीं। इन सभी को निगम दस्ते ने ढहा दिया। अब यहां भारी मात्रा में मलबा पड़ा है, जिसे हटाने में सात से आठ दिन लगेंगे। बृहस्पतिवार से मलबा हटाने का काम होगा।
निगम व लोक निर्माण विभाग ने मिलकर यहां कार्रवाई की है। कोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है। निगम ने सोमवार से यहां कार्रवाई शुरू की थी। पहले दिन निगम व पुलिस के दस्ते को काफी विरोध का सामना करना पड़ा, लेकिन प्रीत विहार पुलिस ने सूझबूझ से काम लेते हुए यहां कार्रवाई शुरू करवा दी। यहां कई मकान निगम अधिकारियों की मिलीभगत से कुछ ही दिन पहले बने थे। निगम के कुछ अधिकारी व कुछ नेता इन मकानों को बचाना चाहते थे, लेकिन इसका आप नेताओं ने विरोध किया। इससे सभी अवैध मकानों पर समान कार्रवाई की गई। सोमवार व मंगलवार को हुई कार्रवाई में 34 मकानों को ढहाया गया था। बुधवार को बची हुई सारी इमारतें तोड़ दी गई। बड़े मकानों को ढहाने के लिए बड़े बुलडोजर मंगवाए गए थे, जिससे मलबे के ऊपर जाकर तोड़फोड़ की कार्रवाई की। निगम अधिकारियों ने बताया कि यहां 56 इमारतें बनी हुई थीं, जिससे काफी सारा मलबा निकला है। इसे हटाने में अभी समय लगेगा। यह काम बृहस्पतिवार से शुरू कर दिया जाएगा।
एक तरफ का रास्ता बंद होने से दूसरी सड़क पर लग रहा जाम
ईस्ट लक्ष्मी मार्केट में जहां कार्रवाई हुई है वह स्थान मास्टर प्लान रोड के किनारे है। इस रोड के एक हिस्से को चित्रा विहार लालबत्ती से लेकर खुरेजी चौक तक बंद कर दिया गया। इस कारण विकास मार्ग व अंदरूनी सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है, जिससे लोगों को सुृबह जाम का सामना करना पड़ रहा है।