दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बनेंगे 3 फुटओवर ब्रिज, खर्च होंगे करोड़ों रुपये; पैदल यात्रियों को मिलेगी सुरक्षा
दिल्ली में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर 12.8 करोड़ रुपये की लागत से तीन फुटओवर ब्रिज बनाए जाएंगे, जिनमें से गीता कॉलोनी और रमेश पार्क में दो का शिलान्यास हुआ है।
-1790236022539_m.webp)
एक साल में फुटओवर ब्रिज बनकर तैयार हो जाएंगे। AI जनरेटेड
HighLights
पूर्वी दिल्ली में दो फुटओवर ब्रिज का शिलान्यास हुआ।
12.8 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे कुल तीन फुटओवर ब्रिज।
लिफ्ट, सुरक्षागार्ड और पर्याप्त लाइट की सुविधा होगी।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली में गीता कॉलोनी व रमेश पार्क में एनएचएआई दो फुटओवर ब्रिज बना रहा है।
बुधवार को केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने यमुनापार विकास बोर्ड के चेयरमैन अरविंदर सिंह लवली, जिला विकास समिति चेयरमैन डॉ. अनिल गोयल, विधायक अभय वर्मा के साथ मिलकर फुटओवर ब्रिज के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उम्मीद जताई जा रही है, एक साल में फुटओवर ब्रिज बनकर तैयार हो जाएंगे।
खर्च होंगे 12.8 करोड़ रुपये
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि रमेश पार्क व गीता कॉलोनी में निर्माण कार्य का शिलान्यास हो गया है। जल्द ही गढ़ीमेंडू में भी निर्माण कार्य शुरू होगा। करीब 12.8 करोड़ रुपये की लागत से यह फुटओवर बनाएं जाएंगे। लोग आराम से सड़क को पार कर सकें, इसिलए सभी फुटओवर में लिफ्ट की सुविधा होगी।
सुरक्षा के लिए सुरक्षागार्ड तैनात किया जाएगा। रात के वक्त लाइट की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। राहगीरों के साथ सड़क पार करने के दौरान हादसे नहीं होंगे।
पैदल यात्रियों को मिलेगी सुरक्षा
केंद्रीय मंत्री ने कहा यह पहल पूर्वी दिल्ली के निवासियों के लिए पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने और दैनिक आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एक्सप्रेसवे का दिल्ली वाला हिस्सा घनी आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरता है और प्रमुख आवासीय, व्यावसायिक और स्थानीय आवागमन वाले क्षेत्रों को जोड़ता है। ऐसे में सुरक्षित पैदल यात्री सुविधाओं का होना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के दिल्ली वाले हिस्से के एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे पार्किंग की सुविधा शुरू कर दी गई है। इस मौके पर ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संतोष पाल, पार्षद संदीप कपूर, डिप्टी चेयरमैन राजू साई, जिला मीडिया संयोजक राजेश साहनी मौजूद रहे।
