विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

22 गज के मकान के लिए ताऊ ने बेटे के साथ मिलकर की भतीजे की हत्या, दिल्ली के मोहम्मद हत्याकांड का खुलासा

Published: Mon, 14 Sep 2026 04:25 PM (IST)

दिल्ली के सुंदर नगरी में 22 गज के मकान के विवाद में एक बुजुर्ग ताऊ और उसके बेटे ने अपने ...और पढ़ें

सुंदर नगरी में मोहम्मद अली के शोकाकुल परिवार के सदस्य। जागरण

सुंदर नगरी में मोहम्मद अली के शोकाकुल परिवार के सदस्य। जागरण

HighLights

  1. सुंदर नगरी में 22 गज के मकान को लेकर विवाद।

  2. ताऊ और बेटे ने मिलकर भतीजे मोहम्मद अली की हत्या की।

  3. पुलिस ने दस घंटे में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में महज 22 गज के मकान के लिए एक बुजुर्ग ताऊ ने अपने बेटे के साथ मिलकर अपने सगे भतीजे की चाकू से वार करके हत्या कर दी।

शनिवार रात को घर के बाहर वारदात को अंजाम दिया। पेट, सीने व हाथ पर पांच वार किए। मृतक की पहचान मोहम्मद अली (28) के रूप में हुई है। पांच मिनट के अंदर हत्या को अंजाम दिया गया।

नंद नगरी थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर वारदात के दस घंटे में दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान नसीरुद्दीन (71) और इसके बेटे जावेद (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।

पान की दुकान चलाते थे

मोहम्मद अली अपने परिवार के साथ सुंदर नगरी में 22 गज के मकान में पहली मंजिल पर रहते थे। परिवार में पिता जुमादीन, पत्नी इल्मा समेत कई सदस्य हैं। वह पान की दुकान चलाते थे। इनका ताऊ अपने परिवार के साथ भू-तल पर रहता है।

मृतक की पत्नी इल्मा ने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे उन्होंने अपने पति के साथ खाना खाया था। रात 12:30 बजे उनके पति घर के नीचे से पानी लेने के लिए गए थे।

वारदात के बाद आरोपी फरार

आरोप है गली में पहले से ताऊ नसीरुद्दीन अपने बेटे के साथ खड़े थे। मोहम्मद अली जैसे ही नीचे गया ताऊ ने अपने बेटे के साथ उस पर चाकू से पांच वार कर दिए। शोर होने पर महिला ने गली में देखा तो आरोपी उसके पति पर वार कर रहे थे। जब तक वह सीढ़ियों से उतरकर नीचे आई, तब तक दोनों आरोपी वारदात करके फरार हो गए। स्वजन ने घायल को जीटीबी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डाक्टरो ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एक साल से चल रहा था विवाद

मृतक के भाई तालिब ने बताया कि पिछले एक साल से ताऊ के साथ मकान का विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि ताऊ मकान पर जबरन कब्जा करना चाहता था। आठ माह से मकान का मामला कड़कड़डूमा कोर्ट में चल रहा है। तालिब का कहना है कि पहले भी कई बार संपत्ति को लेकर विवाद हो चुके हैं, लेकिन यह नहीं पता था कि ताऊ ही अपने सगे भतीजे की हत्या कर देगा।

मकान पर कब्जे के विवाद में हत्या हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में कोई और तो शामिल नहीं है, इसकी जांच की जा रही है। - राहुल अलवाल, उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त