लवली शॉट से गौतम गंभीर की आतिशी जीत
क्रिकेट के मैदान में अपने चौके-छक्के से विरोधियों की नींद उड़ाने वाले मशहूर क्रिकेटर गौतम गंभीर ने राजनीति की पिच पर भी जबरदस्त प्रदर्शन किया है। गंभीर के लगातार लगते लवली शॉट ने उन्हें आतिशी जीत दिलाई है। पूर्वी दिल्ली संसदीय सीट से भाजपा के प्रत्याशी गौतम गंभीर ने 391222 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है।
सुधीर कुमार, पूर्वी दिल्ली
क्रिकेट के मैदान में अपने चौके-छक्के से विरोधियों की नींद उड़ाने वाले मशहूर क्रिकेटर गौतम गंभीर ने राजनीति की पिच पर भी जबरदस्त प्रदर्शन किया है। गंभीर के लवली शॉट ने उन्हें आतिशी जीत दिलाई है। पूर्वी दिल्ली संसदीय सीट से भाजपा के प्रत्याशी गौतम गंभीर ने 3,91,222 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। यहां दूसरे स्थान पर कांग्रेस के प्रत्याशी अरविदर सिंह लवली रहे, उन्हें 3,049,24 वोट मिले। आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी आतिशी को 2,193,28 वोट मिले, वह तीसरे स्थान पर रहीं।
भाजपा ने अपने निवर्तमान सांसद महेश गिरी का टिकट काटकर क्रिकेटर गौतम गंभीर को अंतिम समय में टिकट दिया था। आप ने आतिशी का टिकट करीब एक साल पहले ही पक्का कर दिया था। कांग्रेस ने भी अंतिम समय में अपना प्रत्याशी मैदान में उतारा था, क्योंकि आप व कांग्रेस के गठबंधन को लेकर मामला लंबे समय तक अटका रहा। आप ने जहां पूर्ण राज्य के मुद्दे को लेकर चुनाव लड़ा, वहीं कांग्रेस ने स्थानीय बनाम पैराशूट उम्मीदवार का नारा चलाया। दोनों ही पार्टियों ने पूर्वी दिल्ली के विकास का विजन भी जनता के समक्ष रखा, लेकिन दोनों को जनता ने नकार दिया।
मोदी लहर में गंभीर की नैया पार हो गई। अन्य दोनों पार्टियों के प्रत्याशी जहां लगातार पदयात्रा कर लोगों के बीच जाते रहे, वहीं गौतम सिर्फ रोड शो कर ही वोट मांगते रहे। उन्होंने मोदी सरकार के कार्यों और राष्ट्रवाद को लेकर प्रचार किया। पिछले चुनाव में भाजपा प्रत्याशी महेश गिरी ने 1,90,463 वोटों से जीत दर्ज की थी, लेकिन गंभीर ने रिकार्ड बनाते हुए इस बार दोगुने से भी अधिक वोटों से जीत दर्ज की है। वोट प्रतिशत भी पिछली बार से बढ़ा है। पिछली बार जहां गिरी को 45.81 फीसद वोट मिले थे, वहीं गंभीर को इस बार 55.25 फीसद वोट मिले। यही वजह रहा है कि जीत का फासला बहुत अधिक रहा। पिछले लोकसभा चुनाव में महेश गिरी को 5,72,202 वोट मिले थे, वहीं इस बार गंभीर को 6,96,156 वोट मिले हैं। मजबूत विपक्ष नहीं मिला, जिससे जीत का अंतर ज्यादा रहा
पिछले चुनाव में जहां महेश गिरी को आम आदमी पार्टी के राजमोहन गांधी ने गंभीर चुनौती थी, वहीं इस बार कड़ी टक्कर नहीं मिल पाई। पिछली बार राजमोहन गांधी को 3,81,739 वोट मिले थे, जो कुल पड़े मत का 31.90 फीसद मत था। इस बार दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी को सिर्फ 3,04934 वोट ही मिले, जो कुल पड़े मत का 24.24 है। महेश गिरी की तुलना में इस बार गौतम गंभीर को 1,23954 वोट अधिक मिले हैं, लेकिन जीत का अंतर पिछली बार की तुलना में 2,00,759 वोट अधिक है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप