सिरसा ने दयाल सिंह कॉलेज ट्रस्ट के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने दयाल सिंह सांध्य कॉलेज का नाम बदलने
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने दयाल सिंह सांध्य कॉलेज का नाम बदलने को गैर कानूनी बताया है। कमेटी के महासचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने इसके विरोध में दयाल सिंह कॉलेज ट्रस्ट सोसायटी के खिलाफ लोधी रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि ट्रस्ट की नियमावली में स्पष्ट लिखा है कि इस संस्था को दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा संभाले जाने के बाद भी इसका नाम नहीं बदला जाएगा। इसलिए कॉलेज की गवर्निग बॉडी ने नाम बदलने का जो फैसला लिया है वह पूरी तरह से गैर कानूनी और लोगों की भावनाओं को आहत करने वाला है। ऐसा कोई भी कारण नहीं है कि कॉलेज का नाम बदला जाए।
सिरसा ने कहा कि दयाल सिंह मजीठिया ने आम व्यक्ति की दशा सुधारने में अहम योगदान दिया था। उनके द्वारा स्थापित ट्रस्ट और संस्थाएं शिक्षित भारत के मिशन को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही हैं। पाकिस्तान में उनके नाम पर कॉलेज और पुस्तकालय चलाने का फैसला किया गया है, लेकिन दिल्ली में दयाल सिंह कॉलेज का नाम बदला जा रहा है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और अन्य सिख संगठन ऐसा नहीं होने देंगे। यह मामला उस व्यक्ति के साथ जुड़ा है जिसने राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया है। इसलिए किसी भी कीमत पर संकुचित सोच वालों की साजिश सफल नहीं होने दी जाएगी।