विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DUSU चुनाव प्रचार में भारी बवाल: अरबिंदो कॉलेज में शिक्षक से अभद्रता और धक्का-मुक्की

Published: Wed, 16 Sep 2026 05:29 PM (IST)

डूसू चुनाव प्रचार के दौरान अरबिंदो कॉलेज में एक शिक्षक के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। ...और पढ़ें

अरविंदो कॉलेज शिक्षक से अभद्रता। (एआई जेनरेटेड इमेज)

अरविंदो कॉलेज शिक्षक से अभद्रता। (एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. डूसू चुनाव प्रचार में अरबिंदो कॉलेज शिक्षक से अभद्रता।

  2. शिक्षक ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

  3. कॉलेज परिसर में शिक्षकों की सुरक्षा पर गंभीर चिंता व्यक्त।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव प्रचार के दौरान कालेज परिसर में शिक्षक के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। अरबिंदो कालेज के शिक्षक ने महाविद्यालय प्रशासन को शिकायत देकर घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में शिक्षक ने कहा है कि चुनाव प्रचार के दौरान कॉलेज परिसर में लगातार जोरदार नारेबाजी और प्रचार गतिविधियां चल रही हैं। ऐसे माहौल में कक्षा के भीतर व्यवधान उत्पन्न करना और समूह द्वारा उनके साथ अभद्रता व धक्का-मुक्की करना गंभीर मामला है।

प्राचार्य की अनुपस्थिति पर उठाए सवाल

शिक्षक ने शिकायत में कहा कि घटना की गंभीरता इस बात से और बढ़ जाती है कि प्राचार्य पिछले तीन दिनों से महाविद्यालय में उपस्थित नहीं हैं। ऐसी परिस्थिति में शिक्षक की सुरक्षा सुनिश्चित करने और परिसर में अनुशासन बनाए रखने के लिए तत्काल प्रशासनिक हस्तक्षेप अपेक्षित था। उन्होंने कहा कि यह घटना महाविद्यालय की सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।

पुलिस को सूचना देने की तैयारी

शिक्षक ने अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताते हुए कहा कि वह पुलिस को घटना की विधिवत सूचना देकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने जा रहे हैं। साथ ही प्रशासन से घटना के समय की सीसीटीवी फुटेज तत्काल सुरक्षित रखने, संबंधित व्यक्तियों की पहचान करने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

शिक्षक की सुरक्षा का सवाल

शिकायत में शिक्षक ने कहा कि यह केवल उनके साथ हुए दुर्व्यवहार का मामला नहीं है, बल्कि यह सवाल भी है कि क्या कोई शिक्षक अपने ही महाविद्यालय की कक्षा में निर्भय होकर शैक्षणिक दायित्व निभा सकता है। उन्होंने घटना को सामान्य चुनावी गतिविधि या क्षणिक अनुशासनहीनता मानकर टालने के बजाय गंभीरता से लेने की अपील की। शिक्षक ने प्रशासन से तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने का अनुरोध किया है।

यह भी पढ़ें- DUSU Election 2026: वाइस चांसलर प्रो. योगेश सिंह ने की उच्चस्तरीय बैठक, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने पर जोर