विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डूसू चुनाव 2026 का फैसला आज, कौन बनेगा दिल्ली यूनिवर्सिटी का अध्यक्ष? दोपहर तक साफ हो जाएंगे नतीजे

Published: Sat, 19 Sep 2026 05:22 AM (IST)Updated: Sat, 19 Sep 2026 06:22 AM (IST)

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में छात्रों का उत्साह बढ़ा, जहां मतदान प्रतिशत 39.78% तक पहुंच गया, जो पिछले वर्षों से अधिक है।

डूसू चुनाव का फैसला आज।

डूसू चुनाव का फैसला आज।

HighLights

  1. छात्रसंघ चुनाव में छात्रों का उत्साह बढ़ा, 39.78% मतदान दर्ज

  2. ईवीएम और बैलेट पेपर दोनों से हुआ मतदान प्रक्रिया

  3. कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शनिवार को होगी मतगणना

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में इस बार छात्रों का उत्साह पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक दिखाई दिया। शुक्रवार को शाम सात बजे तक 39.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। वर्ष 2025 में 39.45 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस लिहाज से इस बार मतदान प्रतिशत में 0.33 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

वहीं, वर्ष 2024 के 29.7 % की तुलना में करीब 10 प्रतिशत मतदान बढ़ा है। हालांकि, शाम सात बजे के आंकड़े अंतिम नहीं हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अंतिम मतदान प्रतिशत जारी होने के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।

इस बार वोट डालने वाले दूसरे, तीसरे और चौथे वर्ष के छात्रों के मुकाबले पहले वर्ष के छात्रों ने अधिक मतदान किया। डूसू चुनाव के लिए 158 मतदान बूथ और 52 केंद्र बनाए गए थे। कुल 1,51,842 छात्र वोट डालने के लिए योग्य थे।

सुबह के कॉलेज के लिए वोटिंग सुबह 8:30 बजे शुरू हुई थी, दोपहर एक बजे खत्म हो गई। शाम के कॉलेज के लिए वोटिंग दोपहर तीन बजे से शाम 7:30 बजे तक चली।

10 कॉलेजों में बैलेट, बाकी में ईवीएम

डूसू चुनाव में इस बार मतदान के लिए बैलेट पेपर और ईवीएम दोनों का इस्तेमाल किया गया। विश्वविद्यालय के 10 कॉलेज में बैलेट पेपर के जरिए मतदान कराया गया, जबकि अन्य कॉलेज में ईवीएम से वोट डाले गए। पहले विश्वविद्यालय प्रशासन ने नए ईवीएम समेत कुल एक हाजर मशीनों के माध्यम से मतदान कराने की योजना बनाई थी।

हालांकि, कुछ कॉलेज में कॉलेज प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया गया। वहीं रामजस कॉलेज, मिरांडा हाउस, दौलत राम कॉलेज, किरोड़ीमल कॉलेज और एसआरसीसी कॉलेज के बाहर छात्रों की लंबी कतार देखने को मिली। छात्र व छात्राएं बढ़चढ़कर लोकतंत्र में अपना योगदान दे रहे थे।

हंसराज कॉलेज की प्रधानाचार्य प्रो. रमा ने बताया कि बैलेट पेपर से मतदान कराने का उद्देश्य प्रक्रिया को सुचारू रखना था। इसमें तकनीकी खराबी की आशंका नहीं रहती और मतदान कम समय में पूरा कराने में मदद मिल सकती है। प्रशासन ने छात्र मार्ग, प्रोबाइन रोड और यूनिवर्सिटी रोड जैसे प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है।

बैरिकेडिंग और तलाशी के बीच मतदान

डीयू के दोनों परिसरों में पुलिस और अर्धसैनिक बल के दो हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई थी। कॉलेज के बाहर बैरिकेडिंग कर छात्रों की तलाशी ली गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने चुनाव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी। पोलिंग सेंटर पर दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के बड़ी संख्या में जवान तैनात किए गए हैं।

मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राज किशोर शर्मा ने बताया कि चुनाव के लिए कुल एक हजार इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) तैनात की गई थीं। इनमें 960 मशीनों का मतदान में इस्तेमाल हुआ, जबकि 40 रिजर्व रखी गईं। मतदान के दौरान 12 कंट्रोल रूम संचालित रहे। ईवीएम खराबी की कोई शिकायत किसी भी प्रकार की कोई शिकायत नहीं मिली।

किरोड़ीमल कॉलेज में विरोध

मतदान के दौरान किरोड़ीमल कॉलेज में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के प्रवेश को लेकर एबीवीपी ने विरोध जताया। एबीवीपी की ओर से आरोप लगाया गया कि एनएसयूआई से जुड़े कार्यकर्ता मतदान परिसर में पहुंचे थे। इसके बाद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। इसके अलावा किसी बड़े विवाद की सूचना नहीं है।

आज होगी को मतगणना

डूसू चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के चार केंद्रीय पदों के लिए मतदान हुआ। एबीवीपी, एनएसयूआई, आइसा-एसएफआई गठबंधन, एएसएपी और निर्दलीय प्रत्याशी समेत कुल 20 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। शनिवार को डीयू के खेल स्टेडियम के मल्टीपर्पज हाल में मतगणना होगी। इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। डीयू इस मतगणना की वीडियोग्राफी भी कराएगा।

अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार

यश डबास (एबीवीपी)
विजय शंकर मीणा (एनएसयूआई)
अनन्या रतूड़ी (आइसा-एसएफआई)
अश्मित पवार, एजाज मंसूरी, समर्थ बेनीवाल और समीर कुमार शामिल हैं

उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार

इशू मौर्य (एबीवीपी),
वीर छत्रथ (एनएसयूआई),
अक्षत शिखर (आईसा-एसएफआई),
अरण्य सिंह राठौड़
दीपांशु शोकीन

सचिव पद के लिए उम्मीदवार

रिया छावड़ी (एबीवीपी)
नम्रता चौधरी (एनएसयूआई)
स्टैनज़िन डेस्क्योंग (आईसा एसएफआई)
पंकज कुमार (एएसएपी)

सयुक्त सचिव पद के लिए उम्मीदवार

लक्ष्य राज सिंह (एबीवीपी)
गोपाल चौधरी (एनएसयूआई)
बी परिजात (आईसा-एसएफआई)
विशेष यादव