घर से निकलने से पहले दे ध्यान, मूर्ति विसर्जन व दशहरा के मद्देनजर सुरक्षा-व्यवस्था पुख्ता
उत्तरी जिले की डीसीपी नूपुर प्रसाद ने बताया कि मूर्ति विसर्जन के लिए घाटों पर पर्याप्त व्यवस्था की गई है। वहां पुलिस की तैनाती के साथ ही गोताखोर दल को लगा दिया गया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को दशहरे पर जहां जगह-जगह रावण के पुतले का दहन किया जाएगा, वहीं यमुना के घाटों सहित नहरों में दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन भी होगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन स्थल और घाटों पर होंगे। वहां किसी तरह की आपराधिक वारदात न हो इसके लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। यमुना के घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ गोताखोर दल की तैनाती की गई है।
रामलीला आयोजन स्थल पर पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बल के जवान मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का कहना है कि पुलिस का यह प्रयास है कि इस दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी रहे। शुक्रवार को ज्यादा से ज्यादा पुलिसकर्मियों को आयोजन स्थल पर तैनात किया गया है।
स्थिति पर नजर रखने के लिए अधिकारी भी सड़कों पर होंगे। इस दौरान पुलिसकर्मी वाहनों से लगातार गश्त करेंगे। पुलिस कंट्रोल रूप में किसी भी तरह की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर रिर्जव बटालियन भेजी जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्थिति की समीक्षा करेंगे।
उत्तरी जिले में यमुना के चार प्रमुख घाटों पर मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन होगा, जबकि लाल किला मैदान में पुतला दहन कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियां शिरकत करेंगी। इसके मद्देनजर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उत्तरी जिले की डीसीपी नूपुर प्रसाद ने बताया कि मूर्ति विसर्जन के लिए घाटों पर पर्याप्त व्यवस्था की गई है। वहां पुलिस की तैनाती के साथ ही गोताखोर दल को लगा दिया गया है। घाटों पर प्रकाश की व्यवस्था की गई है। लोगों पर नजर रखने के लिए वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वहीं, रामलीला स्थल पर स्थानीय पुलिस के साथ ही एक कंपनी अर्धसैनिक बल की तैनाती कर दी गई है।