बारिश और तेज हवा से मौसम हुआ सुहावना
बृहस्पतिवार सुबह विभिन्न इलाकों में हुई बारिश और बीच बीच में चलती रही तेज हवा से फिलहाल दिल्ली का मौसम सुहावना चल रहा है। दिल्ली वासी गर्मी से खासी राहत महसूस कर रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। बादल छाए रहेंगे। झोंकेदार हवा के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। इसके बाद भी कई दिन गर्मी के तेवर नरम ही रहेंगे।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : दिल्ली का मौसम बृहस्पतिवार की सुबह विभिन्न इलाकों में हुई बारिश और बीच-बीच में चलती रही तेज हवा से सुहावना हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
दिल्ली का अधिकतम तापमान बृहस्पतिवार को सामान्य से चार डिग्री कम 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 90 और 50 फीसद दर्ज हुआ। सुबह साढ़े आठ बजे तक सफदरजंग में 0.5 मि.मी. , लोधी रोड पर 0.4 मि.मी. जबकि शाम साढ़े पांच बजे तक आया नगर में 0.3 मि.मी. बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को भी बादल छाए रहेंगे। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। हवा के साथ ही हल्की बारिश होने की संभावना है। तापमान में भी कुछ गिरावट होगी। शनिवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा। इसके बाद रविवार से मंगलवार तक आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल भी बन सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं जताई जा रही है। बॉक्स-1
नियंत्रण में ही रहा दिल्ली-एनसीआर का एयर क्वालिटी इंडेक्स
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली-एनसीआर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) बृहस्पतिवार को भी नियंत्रण में ही रहा। सभी जगहों की हवा सामान्य श्रेणी में दर्ज की गई। दिल्ली का पीएम 2.5 और पीएम 10 बृहस्पतिवार को 56 और 139 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया। दिल्ली-एनसीआर का एक्यूआइ-
शहर एक्यूआइ
दिल्ली 153
फरीदाबाद 124
गाजियाबाद 163
ग्रेटर नोएडा 180
गुरुग्राम 122
नोएडा 141