DU Admissions 2026: डीयू में पहली मेरिट लिस्ट गुरुवार को होगी जारी, 'फ्रीज' और 'अपग्रेड' विकल्प के जरिए पक्की करें अपनी सीट
डीयू में स्नातक दाखिले की पहली सीट आवंटन सूची आज शाम 5 बजे जारी होगी, जिससे 2.06 लाख से अधिक ...और पढ़ें

डीयू में स्नातक दाखिले की पहली सीट आवंटन सूची आज शाम 5 बजे जारी होगी। फाइल फोटो
HighLights
डीयू यूजी की पहली सीट आवंटन सूची आज शाम 5 बजे।
2.06 लाख से अधिक छात्रों का इंतजार होगा खत्म।
वर्चुअल वॉलेट से शुल्क समायोजन की नई सुविधा।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। डीयू में स्नातक (यूजी) दाखिले की प्रक्रिया का सबसे अहम चरण गुरुवार को शुरू होगा। कामन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस-यूजी) के तहत पहली सीट आवंटन सूची आज शाम 5 बजे जारी की जाएगी। इसके साथ ही 2.06 लाख से अधिक अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म होगा और उन्हें पता चल जाएगा कि किस कालेज और पाठ्यक्रम में उन्हें सीट मिली है।
सीट आवंटित होने के बाद विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी सीट स्वीकार करनी होगी। संबंधित कालेज दस्तावेजों का सत्यापन करेगा, जिसके बाद छात्र प्रवेश शुल्क जमा कर सकेंगे। फीस जमा होने के बाद विद्यार्थियों के पास दो विकल्प होंगे। यदि वे आवंटित कॉलेज और पाठ्यक्रम से संतुष्ट हैं तो फ्रीज विकल्प चुनकर उसी सीट पर प्रवेश पक्का कर सकते हैं।
वहीं, बेहतर कॉलेज या पाठ्यक्रम की उम्मीद रखने वाले छात्र अपग्रेड का विकल्प चुन सकते हैं। ऐसे विद्यार्थियों की वर्तमान सीट सुरक्षित रहेगी और अगले आवंटन चरण में उनकी उच्च वरीयताओं पर विचार किया जाएगा।
इस वर्ष विश्वविद्यालय ने शुल्क भुगतान प्रक्रिया को भी आसान बनाया है। डीयू ने वर्चुअल वालेट सिस्टम लागू किया है। इसके तहत यदि किसी छात्र को अगले राउंड में बेहतर कॉलेज या पाठ्यक्रम आवंटित होता है, तो पहले जमा की गई फीस स्वतः नई सीट पर समायोजित हो जाएगी।
इससे विद्यार्थियों को बार-बार पूरी फीस जमा करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। विश्वविद्यालय का लक्ष्य 28 जुलाई तक दाखिले के शुरुआती चरण पूरे कर समय पर नया शैक्षणिक सत्र शुरू करना है। ऐसे में पहली आवंटन सूची लाखों अभ्यर्थियों के लिए उनके उच्च शिक्षा के सफर का पहला महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगी।
