विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैंसर के इलाज के लिए DSGMC का बड़ा कदम, मरीजों को मिलेगी सस्ती कीमोथेरेपी और विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा

Published: Sat, 26 Sep 2026 04:13 PM (IST)

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) ने गुरु हरकिशन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में कैंसर के मरीजों के लिए मेडिकल ऑन्कोलॉजी सेवा शुरू की है।

कैंसर मरीजों को मिलेगा सस्ता उपचार। AI जनरेटेड

कैंसर मरीजों को मिलेगा सस्ता उपचार। AI जनरेटेड

HighLights

  1. डीएसजीएमसी ने गुरु हरकिशन इंस्टीट्यूट में मेडिकल ऑन्कोलॉजी सेवा शुरू की।

  2. कैंसर मरीजों को सस्ती दरों पर व्यापक उपचार सुविधाएं मिलेंगी।

  3. विशेषज्ञ डॉक्टर सचिन पुरोहित के नेतृत्व में सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी पहल करते हुए गुरु हरकिशन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में कैंसर उपचार के लिए मेडिकल ऑन्कोलॉजी सेवा की शुरुआत की गई है।

डीएसजीएमसी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने इस विभाग इसका उद्घाटन किया। इस मौके पर अस्पताल के चेयरमैन सरदार गुरदेव सिंह भी मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि एक चैरिटेबल स्वास्थ्य संस्था होने के नाते इस अस्पताल द्वारा विशेष ऑन्कोलॉजी सेवा सस्ती दरों पर उपलब्ध करवाई जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को इसका लाभ मिल सके।

उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा बाला साहिब परिसर में संचालित इस अस्पताल में मरीजों को एक संवेदनशील और सहयोगी स्वास्थ्य वातावरण प्रदान किया जा रहा है।

कैंसर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल ऑन्कोलॉजी सेवा शुरू की गई हैं। इसमें विशेषज्ञ डाक्टरों की देखरेख में मेडिकल ऑन्कोलॉजी परामर्श, कैंसर उपचार की योजना, डे-केयर कीमोथेरेपी, टारगेटेड थेरेपी, इम्यूनोथेरेपी, हार्मोनल थेरेपी, सहायक ऑन्कोलॉजी देखभाल और नियमित फालोअप जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि जिन मरीजों की पहले से कैंसर की जांच हो चुकी है या जो किसी अन्य अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं, वे भी विशेषज्ञों की राय, इलाज जारी रखने और आगे की चिकित्सा मार्गदर्शन के लिए इस अस्पताल से संपर्क कर सकते हैं।

कैंसर का इलाज अक्सर एक लंबी प्रक्रिया होती है, जिसमें बार-बार अस्पताल आना, जांच करवाना और इलाज के कई चरण शामिल होते हैं। इसलिए अस्पताल में केवल इलाज ही नहीं, बल्कि उनके परिवारों को उचित काउंसलिंग, निगरानी और समन्वित देखभाल उपलब्ध करवाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मेडिकल ऑन्कोलॉजी टीम पैथोलाजी, रेडियोलॉजी, सर्जरी, क्रिटिकल केयर, लैबोरेटरी सेवाओं, फार्मेसी और अन्य मेडिकल विभागों के साथ मिलकर काम करेगी, ताकि मरीजों को एक ही व्यवस्था के अंतर्गत समन्वित और व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकें। ये सभी सेवाएं विशेषज्ञ डॉक्टर सचिन पुरोहित के नेतृत्व में प्रदान की जाएंगी।

यह भी पढ़ें- अब AI से पेट के कैंसर की शुरुआती पहचान, देश के कई शहरों में होगी रिसर्च; एम्स और फुजीफिल्म का समझौता