विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजेंद्र नगर में नशे में धुत इंजीनियर ने की हवाई फायरिंग, लाइसेंसी रिवाल्वर के साथ गिरफ्तार

Published: Thu, 10 Sep 2026 08:05 PM (IST)

ओल्ड राजेंद्र नगर में नशे की हालत में हवा में फायरिंग करने वाले एनडीएमसी के जूनियर इंजीनियर गगन दीप सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. ओल्ड राजेंद्र नगर में नशे में धुत इंजीनियर ने की हवाई फायरिंग।

  2. एनडीएमसी के जूनियर इंजीनियर गगन दीप सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

  3. लाइसेंसी रिवाल्वर और कारतूस बरामद, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में बुधवार देर रात नशे की हालत में हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले युवक गगन दीप सिंह नाम के एक शख्स को राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

वह मूलरूप से उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के कनखल का रहने वाला है और यहां ओल्ड राजेंद्र नगर में रहकर एनडीएमसी की एक परियोजना में जूनियर इंजीनियर के तौर पर काम कर रहा था।

मध्य जिला के एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक नौ सितंबर की रात करीब दो बजे बीट स्टाफ को सूचना मिली कि बड़ा बाजार, ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में सफेद रंग की बलेनो कार में सवार एक शख्स ने हवा में गोलियां चलाई है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच और घेराबंदी कर आरोपित गगन दीप सिंह को दबोच लिया।

तलाशी में मिलीं ये चीजें

तलाशी के दौरान उसके पास से एक प्वाइंट 32 बोर की लाइसेंसी रिवाल्वर, दो कारतूस और दो खाली खोखे बरामद किए गए। इसके अलावा उसके होल्स्टर से पांच अन्य जिंदा कारतूस भी मिले।

घटना के बाद आरोपित का ब्लड अल्कोहल कंसंट्रेशन टेस्ट कराया गया, जिसमें उसके खून में अल्कोहल की मात्रा 235 एमजी/100 एमएल पाई गई, जो तय सीमा से अधिक है।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपित ने अत्यधिक शराब के नशे में बिना किसी ठोस वजह के दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवा में फायरिंग की थी। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।