दिल्ली में घरेलू सहायक बनकर की नौकरी, तिजोरी पर हाथ साफ कर खरीदी पिस्टल और बाइक
कीर्ति नगर पुलिस ने घरेलू सहायक बनकर 40 लाख रुपये की चोरी करने वाले विशाल कुमार को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में चोर।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। कीर्ति नगर थाना पुलिस ने घरेलू सहायक बनकर घर में नौकरी हासिल करने के बाद करीब 40 लाख रुपये की चोरी करने के मामले को सुलझाते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान बुलंदशहर निवासी 23 वर्षीय विशाल कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके कब्जे और निशानदेही पर करीब 6.38 लाख रुपये नकद, 50-60 ग्राम सोने के आभूषण व अन्य सामान, वेब्ली एंड स्काट सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 25 कारतूस और चोरी के पैसे से खरीदी गई लाल रंग की एफजेड हाइब्रिड मोटरसाइकिल बरामद की है।
अंकुर परिवार संग थे बाहर
उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी के अनुसार , 11 सितंबर को कीर्ति नगर निवासी अंकुर भसीन परिवार के साथ सुबह करीब 10:30 बजे एक समारोह में गए थे।
शाम करीब 8:50 बजे घर लौटने पर घरेलू सहायक विशाल कुमार गायब मिला। कमरे में रखी अलमारी का ताला टूटा था। जांच करने पर अलमारी के अंदर रखा गोडरेज का मिनी सेफ भी गायब मिला।
उसमें करीब 10 लाख रुपये नकद और 50-60 ग्राम सोने के आभूषण व अन्य सामान रखा था। घरेलू सहायक के गायब मिलने पर उसी पर चोरी का संदेह हुआ। मामले में कीर्ति नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में पता चला कि विशाल को लाजपत नगर की एक प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से घरेलू सहायक के तौर पर नौकरी मिली थी।
पुलिस पहुंची तो पता निकला फर्जी
पुलिस टीम ने एजेंसी पहुंचकर उसके द्वारा नौकरी के समय जमा कराए गए दस्तावेज हासिल किए। आधार कार्ड में उसका पता खोड़ा कॉलोनी, सेक्टर-62, नोएडा दर्ज था। पुलिस टीम वहां पहुंची तो पता फर्जी निकला और विशाल वहां नहीं मिला।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी, इलेक्ट्रानिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपित की तलाश शुरू की। जांच के दौरान उसका सुराग बुलंदशहर में मिला।
पुलिस टीम वहां पहुंची, लेकिन वह ठिकाना बदल चुका था। लगातार निगरानी और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने उसे अलीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार की चोरी
पूछताछ में आरोपित ने चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर करीब 40 लाख रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की गई।
चोरी के रुपये से आरोपित ने करीब दो लाख रुपये में लाल रंग की एफजेड हाइब्रिड मोटरसाइकिल खरीदी थी। आरोपित ने घर में घरेलू सहायक के तौर पर काम करते हुए परिवार की दिनचर्या और घर की स्थिति की जानकारी हासिल की और परिवार के बाहर जाने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
