कुत्ते को भौंकने से रोका तो मालिक ने मार डाला
त्रिलोकपुरी इलाके में कुत्ते के भौंकने पर विरोध करना शख्स को भारी पड़ गया। पड़ोस के ही दो युवकों ने उनकी बुरी तरह से पिटाई कर दी। घायल अवस्था में उन्हें लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
नई दिल्ली। त्रिलोकपुरी इलाके में कुत्ते के भौंकने पर विरोध करना शख्स को भारी पड़ गया। पड़ोस के ही दो युवकों ने उनकी बुरी तरह से पिटाई कर दी। घायल अवस्था में उन्हें लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त विनोद कुमार (45) के रूप में हुई है।
वहीं नाराज परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। मयूर विहार थाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
इसके साथ ही पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से विनोद के शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी की है। पुलिस के मुताबिक विनोद अपने परिवार को साथ 18/274, त्रिलोकपुरी में रहता था। परिवार में पिता जवाहर, मां के अलावा पत्नी मीनू और दो बेटे सन्नी व गौरव हैं। वह इलाके में ही पुताई का काम करता था।
रविवार की रात करीब 8:30 अपने रिश्तेदार को घर के बाहर तक छोड़ने आया था। वहां पर एक कुत्ता भौंकने लगा। इस पर विनोद ने गाली-गलौच की तो पड़ोस में ही रहने वाले दो भाइयों से उनकी बहस हो गई। बहस ने झगड़े का रूप ले लिया। दोनों भाइयों ने उनकी बुरी तरह से पिटाई कर दी।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने विनोद को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के बाद विनोद को छुट्टी दे दी गई। उधर, पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सोमवार सुबह विनोद के पेट में दर्द हुआ। परिजन फिर से लेकर एलबीएस अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान देर शाम को उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया।