सिविल सेवा में सफलता के झंडे गाड़ने वाली नरेला की बेटियों का सम्मान
कड़ी मेहनत और लगन के बल पर नरेला क्षेत्र की तीन लड़कियों ने सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की है।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली : कड़ी मेहनत और लगन के बल पर नरेला क्षेत्र की तीन लड़कियों ने सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की है। इस खुशी के अवसर पर नरेला के पूर्व विधायक और उत्तर पश्विम जिला भाजपा अध्यक्ष नीलदमन खत्री ने सभी छात्राओं को उनके घर जाकर बधाई दी। इस उनकी पत्नी व पूर्व निगम पार्षद केशरानी खत्री ने भी तीनों छात्राओं को आर्शीवाद दिया। उन्हें और उनके परिवार को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नीलदमन खत्री ने सभी छात्राओं के भविष्य में सफलता की कामना करते हुए कहा कि जहां भी इनका कार्यक्षेत्र बने वहां वह खूब सेवा करें। पंक्ति में पीछे रह गए लोगों की मदद करें और हमेशा ही न्याय करें। तीनों ने नरेला क्षेत्र का मान सम्मान बढ़ाया हैं। ग्रामीण पृष्ठभूमि से हैं और गांव में ही पढ़ लिखकर यह ख्याती प्राप्त की है और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। नरेला की नुपूर गोयल ने ग्यारहवां स्थान प्राप्त किया है। उनके पिता राकेश गोयल ने कहा कि आज उनका सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। वहीं 187वां स्थान हासिल करने वाली स्वीटी सहरावत नरेला के बख्तावरपुर स्थित गांव रमजानपुर की रहने वाली हैं। 235वां स्थान पाने वाली हर्षित खत्री ने अपनी सफलता के लिए पिता दीपक खत्री को श्रेय दिया जिनके मार्गदर्शन और उन्हें यह सफलता हासिल हुई है। हर्षित टीकरी गांव की रहने वाली हैं।