दिल्ली-NCR में फिर बदलेगा मौसम, 25 जून को तेज हवाओं के साथ ही बारिश का अलर्ट; IMD ने दी चेतावनी
दिल्ली-एनसीआर में 25 जून को मौसम फिर करवट लेगा, IMD ने गरज-चमक, बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ बारिश ...और पढ़ें

दिल्ली एनसीआर में तेज हवाओं के साथ ही बारिश का अलर्ट। फोटो: आर्काइव
HighLights
दिल्ली-एनसीआर में 25 जून को बारिश और तेज हवाएं
IMD ने गरज-चमक और बिजली चमकने का अलर्ट जारी
गर्मी से राहत मिलेगी, पर सतर्कता बरतने की सलाह
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 25 जून के लिए राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली के साथ ही देश के 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में मौसम अस्थिर बना रह सकता है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
कुछ दिन पहले जारी किया था रेड अलर्ट
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर लगातार चरम मौसम की घटनाओं का सामना कर रहा है। हाल ही में राजधानी में धूल भरी आंधी और तेज बारिश के बाद IMD को रेड अलर्ट जारी करना पड़ा था। कई इलाकों में तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ था।
मंगलवार को पालम क्षेत्र में 91 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा दर्ज की गई थी। तेज आंधी और बारिश के बाद तापमान में करीब 15 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
फिलहाल लू चलने की संभावना नहीं
IMD का कहना है कि फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में लू जैसी स्थिति बनने की संभावना नहीं है। हालांकि, गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की हिदायत दी गई है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर भारत में सक्रिय मौसमी सिस्टम और आगे बढ़ते दक्षिण-पश्चिम मॉनसून का असर दिल्ली-एनसीआर के मौसम पर दिखाई दे रहा है। देश के कई हिस्सों में मॉनसून की रफ्तार बढ़ी है और इसका प्रभाव राजधानी के मौसम में भी महसूस किया जा रहा है।
दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए अगले 24 घंटे राहत और सतर्कता दोनों लेकर आ सकते हैं। एक तरफ तापमान में कमी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर तेज हवाएं, बिजली चमकना और अचानक बारिश यातायात को प्रभावित कर सकती हैं।
