दिल्ली में घरेलू सिलिंडरों की कालाबाजारी मामला आया सामने, पुलिस की नाक के नीचे हो रही डिलीवरी
राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर में कॉमर्शियल एलपीजी संकट के कारण घरेलू सिलिंडरों की भारी मांग बढ़ गई है। गैस एजेंसियों ...और पढ़ें
-1773520169885_m.webp)
झंडेवालान स्थित गैस एजेंसी के बाहर रखे गए खाली सिलिंडर। हरीश कुमार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्वदेश कुमार, नई दिल्ली। राजधानी समेत एनसीआर में संकट कॉमर्शियल एलपीजी सिलिंडर का है। लेकिन इससे सशंकित लोग घरेलू एलपीजी सिलिंडर के लिए मारामारी कर रहे हैं। इन्हें संभालने में पांच-छह दिनों से गैस एजेंसियों के साथ पुलिस का भी दम फूल रहा है। एजेंसियों के कार्यालयों और गोदामों पर शनिवार को भी लंबी-लंबी कतार नजर आई।
अचानक मांग का दबाव बढ़ने से सर्वर पर असर पर पड़ रहा है और ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत आने लगी तो लोग इसके लिए गैस एजेंसियों के कार्यालय पहुंच रहे हैं और बुकिंग के बाद खुद ही सिलिंडर लेने के लिए गोदाम पर भी धमक रहे हैं।
वहीं, भीड़ बढ़ने के कारण कानून-व्यवस्था की चुनौती भी है, जिसके लिए पुलिस को इन जगहों पर तैनात करना पड़ रहा है। शनिवार को कुछ एजेंसियों के कार्यालय और गोदाम में हंगामा भी हुआ।
हंगामे की 24 कॉल्स मिलीं
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बृहस्पतिवार को हंगामे की 24 कॉल्स मिली थीं। शुक्रवार को शिकायतें बढ़ीं और करीब 40 काल्स मिलीं। इस तरह से दो दिनों में कुल 64 शिकायतें पुलिस को प्राप्त हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति काे संभाला।
घरेलू सिलिंडर की कमी नहीं
गैस एजेंसी के एक संचालक ने बताया कि घरेलू सिलिंडर की कमी नहीं है। लेकिन 30 प्रतिशत से अधिक मांग बढ़ गई है और लोग खुद बुकिंग और सिलिंडर ले जाने के लिए पहुंचने लगे हैं इससे परेशानी बढ़ी है। जबकि जिनकी ऑनलाइन बुकिंग हो रही है, उन्हें उनके घर पर इसकी डिलीवरी की जा रही है।
झंडेवालान, सुल्तानपुरी, मंगोलपुरी, अमन विहार, उत्तम नगर, शास्त्री पार्क, गांधीनगर सहित दिल्ली के अन्य क्षेत्रों में गैस एजेंसियों के कार्यालयों और गोदामों पर सिलिंडर के लिए भीड़ जुटी रही। कई जगहों पर 200 से 300 मीटर तक की लाइन भी नजर आई।
शनिवार को ब्रह्मपुरी रोड पर घोंडा के पास गैस एजेंसी पर सिलिंडर का भंडारण खत्म होने से लाइन में लगे लोगों ने जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया है कि उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल रहा है और कालाबाजारी करके बाजार में बेचा जा रहा है। मौके पर तैनात पुलिस बल ने लोगों को शांत कराया। इसी तरह से हंगामे की सूचना पश्चिमी दिल्ली और बाहरी दिल्ली के क्षेत्रों से मिली है।
पुलिस के साए में सिलिंडर की डिलीवरी
गुरुग्राम में भी घरेलू गैस की किल्लत की आशंका के चलते शनिवार दिन भर गैस एजेंसियों के गोदामों के बाहर लोगों की लाइन लगी रही। लोगों का कहना है कि जो हालात हैं, उससे साफ है कि कमर्शियल की तरह ही घरेलू गैस की भी किल्लत हो जाएगी।
उधर, कुछ ऐसा ही हाल गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में भी रहा। पलवल में शनिवार को गैस एजेंसी पर सिलिंडर की डिलीवरी पुलिस बल के साए के बीच हुई। बुकिंग करने के बाद ऐसी शिकायतें आ रही थीं कि सिलिंडर नहीं मिल रहा है।
कालाबाजारी जोरों पर
कॉमर्शियल सिलिंडर नहीं मिलने के कारण खान-पान से जुड़ी दुकानों पर इसका संकट हो गया है। चाय और नाश्ते की दुकानों पर एक-दो सिलिंडर से काम चल रही है जिसे वो घरेलू एलपीजी और छोटे सिलिंडर भी प्रयोग कर रहे हैं। इसे वे ब्लैक में खरीद रहे हैं।
बताया जा रहा है कि करीब एक हजार रुपये में मिलने वाला घरेलू गैस सिलिंडर ये तीन से चार हजार रुपये तक में खरीद रहे हैं। वहीं करीब 1900 रुपये में मिलने वाले कॉमर्शियल सिलिंडर के लिए पांच हजार रुपये तक का भुगतान कर रहे हैं। इस कालाबाजारी पर प्रशासन भी रोक नहीं लगा पा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनके पास फिलहाल कालाबाजारी को लेकर कोई शिकायत नहीं है।
यह भी पढ़ें- LPG संकट के बीच दिल्ली-NCR को बड़ी राहत, IGL ने शुरू की PNG कनेक्शन पर 500-500 रुपये की छूट स्कीम
बुकिंग के बाद भी मुझे सिलिंडर नहीं मिल रहा। यहां आने पर एजेंसी वालों का कहना है कि दो-तीन दिन बाद सिलिंडर घर डिलीवर कर दिया जाएगा। जबकि पहले बुकिंग करने के 24 घंटों के भीतर ही सिलिंडर घर पहुंच जाता था। सिलिंडर खत्म होने के बाद मजबूरी में लकड़ी जलाकर खाना बनाना पड़ रहा है। - जयप्रकाश, प्रेम नगर- 2
पांच दिन से बुकिंग करने का प्रयास कर रहा हूं, लेकिन बुक नहीं हो रहा। घर में सिलिंडर में गैस खत्म होने वाला है। मजबूरी में आफिस से छुट्टी लेकर बुकिंग के लिए एजेंसी के कार्यालय पर आया हूं। सिलिंडर भी लेकर जाना है। - सोनू, अगर नगर
