दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का डीएनडी वाला हिस्सा बनकर तैयार, 15 अगस्त को पीएम मोदी कर सकते हैं उद्घाटन
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक का 9 किलोमीटर का हिस्सा तैयार है। इसका उद्घाटन ...और पढ़ें

डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के नौ किलोमीटर हिस्सा बनकर तैयार।
HighLights
डीएनडी से जैतपुर पुश्ता रोड तक 9 किमी हिस्सा तैयार।
प्रधानमंत्री मोदी 15 अगस्त के आसपास कर सकते हैं उद्घाटन।
आगरा कैनाल पर देश का सबसे लंबा स्टील आर्क ब्रिज।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के नौ किलोमीटर हिस्सा तैयार है। हालांकि इस पर यात्रा के दिल्लीवासियों को थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों होना है। इसके लिए एनएचएआई की ओर से प्रस्ताव भेजा गया है।
अधिकारियों के मुताबिक उद्घाटन के लिए 15 अगस्त के आसपास का समय मिल सकता है। इस हिस्से का काम 11 जनवरी 2022 को शुरू हुआ था। सितंबर 2025 में इसे पूरा करना था, पर आगरा कालिंदी कुंज के नजदीक आगरा कैनाल के ऊपर पुल के निर्माण कार्य में विलंब के चलते प्रोजेक्ट विलंबित हुआ। पर अब स्टील का नेटवर्क आर्क ब्रिज भी तैयार है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी लगभग दो महीने पहले इसका साइट विजिट भी कर चुके हैं।
सोहना तक 26 किलोमीटर का हिस्सा पहले से ही चालू
बता दें कि एक्सप्रेसवे का जैतपुर पुश्ता रोड से आगे फरीदाबाद सेक्टर-65 तक का 24 किलोमीटर का हिस्सा और सेक्टर-65 से आगे सोहना तक 26 किलोमीटर का हिस्सा पहले से ही चालू है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी फरवरी 2023 में एक्सप्रेस-वे के सोहना-दौसा खंड का उद्घाटन कर चुके हैं।
दक्षिणी दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के मुताबिक डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक का हिस्सा शुरू होने के बाद दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद के लोगों को भी आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और उनका समय भी बचेगा।
7.50 किलोमीटर तक का हिस्सा एलिवेटेड
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के इस नौ किलोमीटर के हिस्से में से 7.50 किलोमीटर तक का हिस्सा एलिवेटेड है। इसी पर कालिंदीकुंज के पास आगरा कैनाल पर देश का सबसे लंबा स्टील 'नेटवर्क आर्क ब्रिज' बनाया गया है, जिसमें 2,396 मीट्रिक टन स्टील का उपयोग किया गया है।
