दिल्ली के राजोकरी फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई ब्रेजा कार; युवती की मौत
वसंत कुंज के राजोकरी फ्लाईओवर पर खड़े ट्रक से ब्रेजा कार टकराने से 23 वर्षीय युवती सृष्टि की मौत हो ...और पढ़ें
-1770251873877_m.webp)
वसंत कुंज में सड़क हादसा में युवती की मौत।
HighLights
राजोकरी फ्लाईओवर पर ब्रेजा कार ट्रक से टकराई।
दुर्घटना में 23 वर्षीय युवती सृष्टि की मौत हुई।
ट्रक चालक गिरफ्तार, दो अन्य लोग घायल।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। वसंत कुंज (दक्षिण) थाना क्षेत्र अंतर्गत राजोकरी फ्लाईओवर के पास खड़े ट्रक से एक ब्रेजा कार टकरा गई। इस दुर्घटना में कार सवार 23 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतका का नाम सृष्टि है, जो द्वारका सेक्टर-15 की रहने वाली थी। वह गुरुग्राम की एक कंपनी में काम करती थी और ड्यूटी खत्म होने के बाद वापस घर लौट रही थी।
पुलिस के अनुसार दो फरवरी 2026 की सुबह 03:48 बजे पीसीआर को सूचना मिली कि राजोकरी फ्लाईओवर के निकट उमराव रिसार्ट के सामने सड़क हादसा हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक क्षतिग्रस्त ट्रक और एक काली रंग की ब्रेज़ा कार पाई गई।
घटनास्थल पर तीन लोग घायल अवस्था में मिले। सभी घायलों को तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां युवती को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है। युवती गुरुग्राम से एक अन्य युवक के साथ वापस घर लौट रही थी। कार चलाने वाला युवक भी गंभीर घायल है। जबकि एक पैदल सवार 47 वर्षीय व्यक्ति भी इस घटना में घायल हुआ है।
जांच में सामने आया कि ट्रक का टायर फटने के कारण उसे फ्लाईओवर पर खड़ा किया गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही ब्रेज़ा कार ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण करके आवश्यक सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने इस मामले में बिहार के गांव मंसारा निवासी ट्रक चालक प्रकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
