दिल्ली SIR अभियान: 1.49 लाख से अधिक शिविरों के बाद 27 हजार से ज्यादा नए मतदाता पंजीकृत
दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) के तहत 1.49 लाख से अधिक शिविर लगाए गए, जिनमें कुल 38,849 आवेदन प्राप्त हुए।

38 हजार से ज्यादा आवेदन।
HighLights
दिल्ली में 1.49 लाख से अधिक विशेष शिविर लगे।
कुल 38,849 आवेदन प्राप्त, 27,510 नए पंजीकरण।
बेघर, ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए भी विशेष प्रयास।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और विवरण में सुधार के लिए लगाए गए विशेष शिविरों में 27,510 लोगों ने फॉर्म-6 भरकर आवेदन किया।
निर्वाचन विभाग ने 14,947 मतदान केंद्रों, कालेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य स्थानों पर 1.49 लाख से अधिक शिविर लगाए थे। इनका उद्देश्य प्रारूप मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं करा पाए पात्र लोगों को आवेदन करने में मदद देना था।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, विशेष पंजीकरण अभियान के दौरान कुल 38,849 आवेदन मिले। इनमें नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 के 27,510, मतदाता सूची में संशोधन या पता बदलने के लिए फॉर्म-8 के 10,729 और नाम शामिल करने या हटाने पर आपत्ति के लिए फॉर्म-7 के 610 आवेदन शामिल हैं।
मतदान केंद्रों पर सबसे ज्यादा आवेदन
शिविरों में मतदान केंद्रों पर सबसे अधिक आवेदन जमा हुए। यहां कुल 36,305 आवेदन मिले, जिनमें फॉर्म-6 के 25,255, फॉर्म-8 के 10,441 और फॉर्म-7 के 609 आवेदन शामिल हैं। वहीं, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में लगाए गए शिविरों में 1,987 आवेदन मिले।
इनमें 1,706 फॉर्म-6 और 281 फॉर्म-8 के आवेदन थे। शैक्षणिक संस्थानों में अभियान का मुख्य उद्देश्य 18 से 25 वर्ष के युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करना था।
बेघर और ट्रांसजेंडर लोगों के लिए भी शिविर
बेघर लोगों, ट्रांसजेंडर समुदाय और यौनकर्मियों के लिए लगाए गए विशेष शिविरों में 557 आवेदन मिले। इनमें 549 फॉर्म-6, सात फॉर्म-8 और एक फॉर्म-7 का आवेदन था। इसके अलावा, हाल में ध्वस्त की गई दिल्ली की कुछ बस्तियों से विस्थापित मतदाताओं तक पहुंचने के लिए भी विशेष प्रयास किए गए। इनमें बेला एस्टेट, जेलरवाला बाग, नरेला, बवाना, मंगोलपुरी और वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं।
सितंबर को सबसे ज्यादा आवेदन
शिविरों में 27 सितंबर को सबसे ज्यादा 9,067 आवेदन मिले। वहीं, 25 अक्टूबर को लगे अंतिम शिविर में 4,388 आवेदन जमा हुए, जिनमें 3,265 फॉर्म-6 शामिल थे। निर्वाचन विभाग के अनुसार, बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर प्रारूप सूची से छूटे पात्र मतदाताओं की पहचान कर रहे हैं और उन्हें आवेदन भरने में सहायता दे रहे हैं।
