दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की नई वेबसाइट लॉन्च, अब वाहन उठने और चालान भरने की झंझट होगी खत्म
उपराज्यपाल ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की उन्नत वेबसाइट का शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य नागरिकों को ट्रैफिक संबंधी सेवाएं और जानकारी ऑनलाइन, सरल व सुरक्षित तरीके से उपलब्ध कराना है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की नई वेबसाइट लॉन्च, अब वाहन लोकेशन और चालान भुगतान हुआ आसान।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने बृहस्पतिवार को ट्रैफिक पुलिस की अपग्रेडेड (उन्नत) वेबसाइट का शुभारंभ किया। इस नए और आधुनिक प्लेटफार्म का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को ट्रैफिक से जुड़ी सेवाएं और जानकारियां आनलाइन, सरल, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार व विशेष आयुक्त (ट्रैफिक) अजय चौधरी सहित ट्रैफिक यूनिट के र्क वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
संयुक्त आयुक्त संजय त्यागी का कहना है कि इस वेबसाइट के लांच करने से अब वाहन के क्रेन से उठने (टाे) पर लोगों को इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं होगी। वे वेबसाइट के जरिए आसानी से अपने वाहन की सही लोकेशन का पता लगा सकेंगे। नागरिक केवल अपने वाहन का नंबर दर्ज करके उस पर कटे सभी चालान की जानकारी ले सकते हैं।
ट्रैफिक नियमों का पालन करना और आसान होगा
इसके साथ ही, वे क्यूआर कोड के जरिए आसानी से चालान का भुगतान भी कर सकते हैं। यह वेबसाइट यूजर्स को सबसे बेहतरीन रूट चुनने और सड़कों पर ट्रैफिक की मौजूदा स्थिति की लाइव जानकारी भी देगी। वेबसाइट पर एक ऐसा इंटरैक्टिव लिंक दिया गया है, जिसकी मदद से लोग सड़क के विभिन्न चिह्नों और साइनेज का मतलब आसानी से समझ सकते हैं, जिससे ट्रैफिक नियमों का पालन करना और आसान होगा।
संजय त्यागी का कहना है कि इस नए प्लेटफार्म को मोबाइल, टैबलेट और अन्य डिवाइस पर आसानी से एक्सेस किया जा सकता है। साथ ही, नागरिकों के डाटा को सुरक्षित रखने के लिए इसमें उच्च स्तर के साइबर सुरक्षा उपाय किए गए हैं।
उपराज्यपाल ने इस मौके पर जोर दिया कि इस प्लेटफार्म को केवल एक प्रशासनिक जरिया नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा जागरूकता और नागरिक सहभागिता का एक सशक्त माध्यम बनना चाहिए ताकि तकनीक के जरिए जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
