CP में लंच के बाद राजघाट जाएंगे विपक्षी सांसद, इन रास्तों पर लग सकता है भीषण जाम; चेक करें ट्रैफिक एडवाइजरी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 8 अक्टूबर को राजघाट-किसान घाट रोड पर इंडी गठबंधन के प्रदर्शन के कारण ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

HighLights
इंडी गठबंधन का राजघाट पर तीसरे दिन का प्रदर्शन।
दोपहर 1 से 4 बजे तक राजघाट-किसान घाट रोड से बचें।
वैकल्पिक मार्ग अपनाएं और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने विपक्ष के तीसरे दिन के प्रदर्शन को देखते हुए कई मार्गों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। आज इंडी गठबंधन के प्रदर्शन का तीसरा दिन है और उन्होंने एलान किया है कि वह लंच के बाद राजघाट जाएंगे।
ऐसे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 8 अक्टूबर के लिए लोगों को राजघाट-किसान घाट रोड और आसपास के इलाकों में आने से पहले एडवाइजरी देखने की सलाह दी है।
दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक ये रास्ते करें अवॉयड
किसान घाट रोड पर प्रस्तावित धरने के चलते दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक इस रूट और आसपास की सड़कों पर जाम की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में अगर बहुत जरूरी न हो तो इन रास्तों पर आने से बचें।
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को प्रभावित रास्ते से बचने और घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाने और अधिक समय लेकर चलने की सलाह दी है।
अपनाएं ये रूट
जरूरी हो तो आप JLN मार्ग-मिंटो रोड-अजमेरी गेट का रास्ता विकल्प के रूप में अपना सकते हैं। लोगों से ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने, जाम कम करने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने और केवल निर्धारित पार्किंग स्थानों पर वाहन खड़े करने की अपील की गई है।
यही नहीं पुलिस ने किसी भी संदिग्ध या असामान्य वस्तु अथवा व्यक्ति की जानकारी तुरंत 112 पर देने को कहा है।
