प्रिंटर देखने के बहाने घर में घुसे हमलावरों ने महिला पर बरसाईं गोलियां; टीचर पति ने दी थी पत्नी को मारने की सुपारी
पश्चिमी दिल्ली के नंगली एक्सटेंशन में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक ने अपनी पत्नी की हत्या के लिए दोस्त को साढ़े तीन लाख रुपये की सुपारी दी।

दिल्ली पुलिस फाइल फोटो।
HighLights
शिक्षक पति ने पत्नी की हत्या के लिए दोस्त को दी सुपारी।
हमलावरों ने प्रिंटर देखने के बहाने घर में घुसकर गोली मारी।
पुलिस ने दो हमलावरों को गिरफ्तार किया, पति हिरासत में, दोस्त फरार।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। नंगली एक्सटेंशन की गली नंबर-1 में रविवार सुबह एक सरकारी स्कूल के शिक्षक ने पत्नी की हत्या की साजिश रचकर अपने बचपन के दोस्त को साढ़े तीन लाख रुपये की सुपारी दी।
सुपारी मिलने के बाद दोस्त ने अपने भाई और उसके साथी को वारदात के लिए भेजा। दोनों हमलावर प्रिंटर देखने के बहाने घर में दाखिल हुए और करीब 40 मिनट तक अंदर रहने के बाद संध्या पर छह गोलियां चला दीं।
इनमें से तीन गोलियां संध्या को लगीं। गंभीर रूप से घायल संध्या को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।
पुलिस ने मंगलवार को वारदात में शामिल दोनों हमलावरों दीपक और आकाश को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, संध्या के पति संदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
संदीप का बचपन का दोस्त फरार
पुलिस के अनुसार, साजिश में शामिल संदीप का बचपन का दोस्त अरविंद फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस हत्या की साजिश के पीछे की वजह और सुपारी की रकम के लेनदेन समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, संदीप और संध्या की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। दोनों नंगली एक्सटेंशन की गली नंबर-1 में रहते हैं। संदीप सरकारी स्कूल में टीजीटी कंप्यूटर शिक्षक है।
आरोप है कि उसने पत्नी की हत्या के लिए अपने बचपन के दोस्त अरविंद को साढ़े तीन लाख रुपये की सुपारी दी थी। इसके बाद अरविंद ने अपने भाई दीपक और उसके दोस्त आकाश को संध्या की हत्या करने के लिए भेजा।
रविवार सुबह करीब छह बजे की वारदात
रविवार सुबह संदीप ने पत्नी से कहा कि घर पर दो लोग प्रिंटर लेने के लिए आएंगे। इसके बाद करीब छह बजे दीपक और आकाश वहां पहुंचे।
दोनों ने प्रिंटर देखने की बात कही और इसी बहाने घर में दाखिल हो गए। करीब 40 मिनट तक दोनों प्रिंटर देखने और उसे खोलकर जांच करने के बहाने घर में रुके रहे।
इसके बाद जब संध्या उनके लिए पानी लेकर आई तो दोनों ने उस पर गोलियां चला दीं। हमलावरों ने कुल छह गोलियां चलाईं, जिनमें से तीन संध्या को लगीं।
आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी फिर...
वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल संध्या को अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने जांच के दौरान हमलावरों की पहचान कर मंगलवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुलिस अब संदीप और फरार अरविंद की भूमिका, सुपारी की रकम तथा हत्या की साजिश तैयार करने से लेकर हमलावरों को भेजने तक की पूरी कड़ी की जानकारी जुटा रही है। अरविंद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
